किसी भी प्रकार का खबर व विज्ञापन के लिए सम्पर्क करे 6201984873

  • Breaking News

    गर्भावस्था में एनीमिया की रोकथाम को लेकर जिला स्तरीय प्रशिक्षण

    -गर्भावस्था में एनीमिया की रोकथाम पर जिला स्तरीय टीओटी आयोजित

    -डीएमटी सदस्यों को स्क्रीनिंग, उपचार व पोषण संबंधी उपायों की दी गई जानकारी

    -प्रखंड स्तर पर एएनएम व सीएचओ को किया जाएगा प्रशिक्षित

    मुजफ्फरपुर। गर्भावस्था के दौरान एनीमिया की रोकथाम, समय पर पहचान एवं उचित प्रबंधन को लेकर जिला स्वास्थ्य समिति, मुजफ्फरपुर के तत्वावधान में सोमवार को जिला स्तरीय एक दिवसीय ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स (टीओटी) का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में डिस्ट्रिक्ट मॉनिटरिंग टीम (डीएमटी) के सदस्यों ने भाग लिया।

    प्रशिक्षण का उद्देश्य डीएमटी सदस्यों को गर्भावस्था में एनीमिया की स्क्रीनिंग, आयरन-फोलिक एसिड अनुपूरण, पोषण, परामर्श एवं समुदाय स्तर पर रोकथाम के प्रभावी उपायों की तकनीकी जानकारी देना रहा। प्रशिक्षण के दौरान फील्ड स्तर पर एनीमिया की पहचान और प्रभावी प्रबंधन से जुड़े व्यवहारिक पहलुओं पर भी चर्चा की गई। साथ ही उचित एनीमिया प्रबंधन के लिए एफसीएम डोज पर भी बल दिया गया।

    प्रखंड स्तर पर स्वास्थ्यकर्मियों को मिलेगा प्रशिक्षण:

    प्रशिक्षण के उपरांत डीएमटी के प्रशिक्षित सदस्य जिले के विभिन्न प्रखंडों में आउटरीच प्रशिक्षण सत्रों के माध्यम से एएनएम एवं सीएचओ को इसी विषय पर प्रशिक्षित करेंगे। इसके माध्यम से स्वास्थ्यकर्मियों की क्षमता बढ़ाने तथा गर्भवती महिलाओं तक एनीमिया की जांच, उपचार, पोषण संबंधी सलाह एवं आवश्यक सेवाओं की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा।

    एनीमिया मुक्त गर्भावस्था पर जोर:

    कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम), डीएम एंड ईओ एवं पिरामल फाउंडेशन की जिला टीम की उपस्थिति रही। वक्ताओं ने एनीमिया मुक्त भारत के लक्ष्य को मजबूत करने के लिए स्वास्थ्य विभाग एवं सहयोगी संस्थाओं के समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। गर्भवती महिलाओं में समय पर जांच, उचित उपचार, आयरन-फोलिक एसिड का नियमित सेवन, संतुलित आहार एवं नियमित स्वास्थ्य जांच को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

    कार्यक्रम का संदेश  “एनीमिया मुक्त गर्भावस्था—स्वस्थ मां, स्वस्थ शिशु और स्वस्थ समाज की मजबूत नींव” रहा।

    मौके पर कार्यक्रम प्रबंधक,  जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी तथा पिरामल फाउंडेशन की जिला टीम के साथ साथ गांधी फेलो, करुणा फेलो सहित प्रत्येक प्रखंडों से एक एएनएम, एक जीएनएम एवं बीएचएम मौजूद थे।


    No comments

    Post Top Ad

    ad728

    Post Bottom Ad

    ad728