किसी भी प्रकार का खबर व विज्ञापन के लिए सम्पर्क करे 6201984873

  • Breaking News

    “जाँच एवं उपचार, चिकित्सा आपके द्वार” कार्यक्रम का शुभारंभ

    -गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, प्रारंभिक पहचान एवं उपचार को मिलेगा नया विस्तार

    मुजफ्फरपुर। राज्य सरकार की महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पहल “जाँच एवं उपचार, चिकित्सा आपके द्वार” कार्यक्रम का शुभारंभ आज माननीय मुख्यमंत्री, बिहार द्वारा पटना स्थित ऊर्जा ऑडिटोरियम से किया गया। गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) की रोकथाम, समय पर पहचान एवं उपचार की व्यवस्था को समुदाय एवं आमजन के घर के करीब तक पहुँचाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है।

    कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को उनके घर एवं समुदाय के निकट ही गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, प्रारंभिक पहचान, चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान कर उनका प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके।

    बीपी, मधुमेह एवं कैंसर सहित विभिन्न एनसीडी की होगी स्क्रीनिंग:

    कार्यक्रम के तहत प्रमुख रूप से उच्च रक्तचाप (बीपी), मधुमेह, ओरल कैंसर एवं स्तन कैंसर सहित अन्य प्रमुख गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग की जाएगी। स्क्रीनिंग के दौरान संदिग्ध पाए जाने वाले व्यक्तियों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श, जाँच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। जरूरत पड़ने पर मरीजों को उच्चतर स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर करने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

    मुजफ्फरपुर में भी व्यापक स्तर पर हुआ शुभारंभ:

    मुजफ्फरपुर जिले में कार्यक्रम के शुभारंभ को लेकर सदर अस्पताल, मुजफ्फरपुर में व्यापक व्यवस्था की गई। कार्यक्रम का आयोजन माननीय मंत्री, पर्यटन विभाग श्री केदार प्रसाद गुप्ता, माननीय विधायक श्री रंजन कुमार एवं जिला पदाधिकारी श्री कुमार गौरव के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर सिविल सर्जन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सहित अन्य जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

    कार्यक्रम में उपाधीक्षक, प्रभारी जिला संचारी रोग पदाधिकारी, प्रभारी जिला गैर-संचारी रोग पदाधिकारी, जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी तथा सदर अस्पताल प्रबंधक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

    टू-वे कम्युनिकेशन से राज्य स्तरीय कार्यक्रम से जुड़ा मुजफ्फरपुर:

    पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम से माननीय मुख्यमंत्री द्वारा किए जा रहे राज्य स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम को टू-वे कम्युनिकेशन के माध्यम से मुजफ्फरपुर के सदर अस्पताल, मुजफ्फरपुर एवं आरएच सकरा से सीधे जोड़ा गया। दोनों स्वास्थ्य संस्थानों में टू-वे कम्युनिकेशन के माध्यम से राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया तथा स्थानीय स्तर से कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित की गई।

    इसके अतिरिक्त जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र  एवं अन्य संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों में वेबकास्टिंग के माध्यम से राज्य स्तरीय उद्घाटन कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। स्वास्थ्य संस्थानों में टीवी एवं स्क्रीन के माध्यम से स्वास्थ्य पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने माननीय मुख्यमंत्री द्वारा कार्यक्रम के शुभारंभ का सीधा प्रसारण देखा एवं सुना।

    एनसीडी की समय पर पहचान और उपचार पर विशेष जोर:

    “जाँच एवं उपचार, चिकित्सा आपके द्वार” कार्यक्रम के माध्यम से गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान, रोकथाम एवं उपचार पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके अंतर्गत लोगों की नियमित रूप से बीपी एवं ब्लड शुगर की जाँच, ओरल कैंसर एवं स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग तथा आवश्यकतानुसार अन्य एनसीडी संबंधी जाँच की जाएगी।

    विशेष रूप से ऐसे व्यक्तियों की पहचान की जाएगी, जिनमें गैर-संचारी रोगों के जोखिम कारक अथवा बीमारी के प्रारंभिक लक्षण पाए जाते हैं। स्क्रीनिंग के दौरान संदिग्ध मरीजों को आगे की जाँच एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श के लिए आवश्यकतानुसार संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया जाएगा।

    इस पहल का उद्देश्य गैर-संचारी रोगों को गंभीर अवस्था में पहुँचने से पहले ही पहचानना, उपचार शुरू करना और लोगों को उचित चिकित्सकीय देखभाल उपलब्ध कराना है। इससे समुदाय स्तर पर एनसीडी की रोकथाम एवं नियंत्रण को और मजबूती मिलेगी।

    अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचेगा स्वास्थ्य लाभ:

    जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग, मुजफ्फरपुर द्वारा कार्यक्रम के सफल एवं प्रभावी संचालन के लिए सभी संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों को आवश्यक समन्वय एवं तैयारियाँ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। उद्देश्य है कि “जाँच एवं उपचार, चिकित्सा आपके द्वार” कार्यक्रम का लाभ जिले के अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाया जा सके और समय रहते बीमारी की पहचान एवं उपचार सुनिश्चित हो सके।

    No comments

    Post Top Ad

    ad728

    Post Bottom Ad

    ad728