जिले में एचआईवी-एड्स जागरूकता का इंटेंसिफाइड कैंपेन शुरू
-12 अगस्त से 12 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, युवाओं एवं आमजनों को किया जाएगा जागरूक
मुजफ्फरपुर। जिले में एचआईवी-एड्स के संक्रमण से बचाव एवं नियंत्रण को लेकर इंटेंसिफाइड कैंपेन शुरू किया गया है। 12 अगस्त से प्रारंभ यह अभियान 12 अक्टूबर तक संचालित होगा। अभियान के तहत युवाओं एवं आमजनों के बीच एचआईवी संक्रमण, इसके कारणों, बचाव एवं नियंत्रण को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
डोर-टू-डोर जागरूकता के साथ 150 स्कूलों में होंगी प्रतियोगिताएं:
जिला संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. सी.के. दास ने बताया कि अभियान के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा डोर-टू-डोर जाकर लोगों को एचआईवी-एड्स के संक्रमण के कारणों एवं बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी। गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच के दौरान एचआईवी एवं सिफलिस के संबंध में भी जानकारी दी जाएगी। राज्य, जिला, प्रखंड एवं ग्राम स्तर पर विभिन्न सरकारी विभागों एवं प्रशासनिक इकाइयों के सहयोग से जागरूकता और एचआईवी जांच को बढ़ावा दिया जाएगा।
अभियान में शिक्षा विभाग, जीविका, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, नेहरू युवा केंद्र, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं एनसीसी की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। जिले के 150 सरकारी एवं निजी विद्यालयों में निबंध लेखन, पेंटिंग, क्विज एवं भाषण प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर विद्यार्थियों को एचआईवी-एड्स से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा।
No comments