किसी भी प्रकार का खबर व विज्ञापन के लिए सम्पर्क करे 6201984873

  • Breaking News

    जिलाधिकारी की सख्ती: टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा में लापरवाही पर कार्रवाई

    -निक्षय पोषण योजना के भुगतान में शिथिलता पर जताई नाराजगी, संबंधित कर्मियों का वेतन स्थगित

    -पेई आईडी (PAYEE ID) सृजन एवं लाभुकों को समय पर पोषण सहायता उपलब्ध कराने के दिए निर्देश

    -टीबी मुक्त भारत अभियान को मिशन मोड में संचालित करने एवं नियमित समीक्षा पर दिया जोर

    मुजफ्फरपुर। जिला पदाधिकारी कुमार गौरव की अध्यक्षता में बुधवार को टीबी मुक्त भारत अभियान की प्रगति एवं संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में टीबी मरीजों की पहचान, उपचार, निक्षय पोषण योजना के तहत भुगतान, पेई आईडी सृजन तथा पोर्टल पर लंबित प्रक्रियाओं की प्रखंडवार समीक्षा की गई।

    समीक्षा के दौरान कई प्रखंडों में निक्षय पोषण योजना के अंतर्गत लाभुकों को भुगतान की प्रगति असंतोषजनक पाई गई। इस पर जिला पदाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए भुगतान कार्य में शिथिलता बरतने वाले ब्लॉक अकाउंट मैनेजर तथा पेई आईडी सृजन में लापरवाही बरतने वाले संबंधित एसटीएस ( सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर) का वेतन अगले आदेश तक स्थगित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल स्थिति में सुधार लाने एवं लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।

    जिलाधिकारी ने कहा कि टीबी मरीजों को सरकार द्वारा निर्धारित पोषण सहायता का लाभ समय पर उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। पात्र लाभुकों से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर भुगतान सुनिश्चित करने तथा प्रशासनिक एवं तकनीकी बाधाओं को तत्काल दूर करने का निर्देश दिया।

    उन्होंने सिविल सर्जन, मुजफ्फरपुर को जिले के निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप टीबी मुक्त भारत अभियान से जुड़े सभी कार्यों में तेजी लाने, प्रखंडवार नियमित समीक्षा करने तथा जहां भी कमी हो वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, प्रखंड से जिला स्तर तक नियमित निगरानी एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने पर बल देते हुए कहा कि टीबी मरीजों की पहचान, उपचार एवं पोषण सहायता की पूरी प्रक्रिया को प्रभावी बनाया जाए, ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर पहुंच सके।

    बैठक में स्वास्थ्य विभाग के जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी, एसटीएस, ब्लॉक अकाउंट मैनेजर सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।

    No comments

    Post Top Ad

    ad728

    Post Bottom Ad

    ad728