किसी भी प्रकार का खबर व विज्ञापन के लिए सम्पर्क करे 6201984873

  • Breaking News

    मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना का 100वां बैच अहमदाबाद रवाना

    -पूर्वी चंपारण के दो बाल हृदय रोगियों को निःशुल्क शल्य चिकित्सा के लिए भेजा गया

    -बिहार सरकार उठाएगी इलाज, आवास और भोजन का पूरा खर्च

    मोतिहारी। बिहार सरकार की महत्वपूर्ण जीवनदायिनी योजना मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना के अंतर्गत बाल हृदय रोगियों का 100वां बैच निःशुल्क शल्य चिकित्सा के लिए श्री सत्य साईं अस्पताल, अहमदाबाद रवाना किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर पूर्वी चंपारण जिले के दो बाल हृदय रोगी शिवानी कुमारी (रक्सौल) एवं शुभम पाल (केसरिया) को उनके परिजनों के साथ राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार, पटना के लिए भेजा गया।

    सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार ने शुक्रवार सुबह 7 बजे हरी झंडी दिखाकर दोनों बच्चों को एंबुलेंस के माध्यम से पटना रवाना किया। उनके साथ चिकित्सा पदाधिकारी, अरेराज डॉ. सरताज आलम को भी भेजा गया, ताकि यात्रा के दौरान बच्चों को आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

    इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना के तहत अब तक पूर्वी चंपारण जिले के 172 बाल हृदय रोगियों की सफल सर्जरी कराई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिए नई उम्मीद लेकर आई है और उन्हें जीवनदान प्रदान कर रही है।

    आरबीएसके डीसी डॉ. शशि मिश्रा ने जानकारी दी कि राज्य स्वास्थ्य समिति, पटना से माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत कुमार द्वारा 100वें बैच में शामिल बिहार के 32 बाल हृदय रोगियों को पटना एयरपोर्ट के लिए रवाना किया जाएगा। इसके बाद बिहार सरकार अपने खर्च पर बच्चों एवं उनके परिजनों को हवाई मार्ग से श्री सत्य साईं अस्पताल, अहमदाबाद भेजेगी।

    उन्होंने बताया कि अस्पताल में बच्चों की सर्जरी के साथ-साथ रहने, खाने और अन्य आवश्यक सुविधाओं का पूरा खर्च बिहार सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। यह योजना राज्य सरकार की जनकल्याणकारी सोच और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है।

    मौके पर सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार, आरबीएसके डीसी डॉ. शशि मिश्रा, चिकित्सा पदाधिकारी अरेराज डॉ. सरताज आलम, प्रमोद कुमार एवं जौवाद हुसैन सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।

    No comments

    Post Top Ad

    ad728

    Post Bottom Ad

    ad728