बच्चों की स्वास्थ्य सेवाओं की अब होगी ऑनलाइन मॉनिटरिंग, वेब पोर्टल 2.0 लागू
-आरबीएसके वेब पोर्टल 2.0 के सफल संचालन को लेकर वैशाली में आयुष डॉक्टरों व फार्मासिस्टों को दिया गया प्रशिक्षण
वैशाली। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के अंतर्गत बच्चों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं को अब और अधिक पारदर्शी, सुलभ और प्रभावी बनाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा इसके लिए वेब पोर्टल 2.0 को लागू कर दिया गया है। इस नई डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से अब कार्यक्रम से जुड़ी सभी गतिविधियों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग जिला स्तर से लेकर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक की जा सकेगी। इससे बच्चों के उपचार, रेफरल एवं फॉलोअप की प्रक्रिया भी पहले की तुलना में अधिक आसान और व्यवस्थित हो जाएगी।
इसी कड़ी में, जिला स्वास्थ्य समिति वैशाली के तत्वावधान में बीते शुक्रवार, 15 मई को मोबाइल हेल्थ टीम के आयुष चिकित्सकों, फार्मासिस्टों और एएनएम के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
डिजिटल व्यवस्था से कार्यों में आएगी गति:
डीईआईसी मैनेजर-सह-समन्वयक (आरबीएसके) डॉ. शाइस्ता ने बताया कि इस प्रशिक्षण सत्र का मुख्य उद्देश्य नए वेब पोर्टल 2.0 का सुचारू रूप से क्रियान्वयन सुनिश्चित करना था। कार्यशाला में मुख्य रूप से मास्टर डेटा क्रिएशन, इंस्टीट्यूशन मैपिंग और पोर्टल के प्रभावी उपयोग पर विस्तृत चर्चा की गई ताकि इसके जरिए सुचारू क्रियान्वयन किया जा सके। वेब पोर्टल 2.0 लागू होने से बच्चों की स्क्रीनिंग से लेकर उनके इलाज तक की ट्रैकिंग अब रियल-टाइम में हो सकेगी, जिससे रेफर किए गए बच्चों का समय पर इलाज सुनिश्चित होगा।
समय पर डेटा अपलोड करने का निर्देश:
प्रशिक्षण सत्र में राज्य स्तरीय प्रशिक्षक सह राज्य प्रतिनिधि श्री सनी प्रसाद ने उपस्थित सभी स्वास्थ्य कर्मियों को पोर्टल के संचालन की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इस पोर्टल के जरिए चलंत चिकित्सा दल के सदस्यों का विवरण, माइक्रो प्लान का निर्माण, बच्चों की स्वास्थ्य जांच की स्थिति और चिह्नित व रेफर किए गए बच्चों से संबंधित सभी सूचनाएं डिजिटल रूप से सुरक्षित रखी जाएंगी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों के आलोक में सभी कर्मियों से समयबद्ध तरीके से डेटा अपलोड करने और सूचनाओं को अपडेट रखने की अपील की।
प्रशिक्षण सत्र रहा बेहद फलदायी:
इस कार्यशाला में जिले के सभी प्रखंडों से आए मोबाइल हेल्थ टीम के सदस्यों ने काफी सक्रियता दिखाई और अपनी शंकाओं का समाधान किया। प्रशिक्षण के अंत में डॉ. शाइस्ता ने इस बेहद इंटरैक्टिव और फलदायी सत्र के लिए राज्य प्रशिक्षक श्री सनी प्रसाद जी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस ट्रेनिंग के बाद वैशाली जिले में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम को एक नई मजबूती मिलेगी और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े बच्चों तक तेजी से पहुँचेगा।
No comments