राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर बोखड़ा सीएचसी में कार्यशाला आयोजित
-स्वास्थ्य कर्मियों को डेंगू से बचाव एवं उपचार की दी गई विस्तृत जानकारी
सीतामढ़ी। राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यालय के तत्वावधान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बोखड़ा में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड के सभी सीएचओ, एएनएम, आशा फेसिलिटेटर एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने भाग लेकर डेंगू नियंत्रण एवं बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
दृश्य-श्रव्य माध्यम से दी गई जानकारी:
कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. रवीन्द्र कुमार यादव ने डेंगू बुखार के लक्षण, जांच, उपचार एवं बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने दृश्य-श्रव्य माध्यम के जरिए उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों को डेंगू के प्रति सतर्क रहने और समुदाय में जागरूकता फैलाने की अपील की।
डॉ. यादव ने बताया कि डेंगू एक वायरल बीमारी है, जो संक्रमित मादा एडीस मच्छर के काटने से फैलती है। यह मच्छर मुख्य रूप से दिन के समय काटता है और साफ पानी में पनपता है। उन्होंने कहा कि बीमारी की शुरुआत तेज बुखार, सिर दर्द, जोड़ एवं मांसपेशियों में दर्द तथा फ्लू जैसे लक्षणों से होती है। कई मामलों में आंखों के पीछे दर्द की शिकायत भी होती है।
गंभीर डेंगू के लक्षणों पर विशेष जोर:
उन्होंने बताया कि शरीर पर चकत्ते पड़ना, मसूड़ों, नाक या मलद्वार से रक्तस्राव होना गंभीर डेंगू अर्थात डेंगू हेमरेजिक फीवर (डीएचएफ) के लक्षण हो सकते हैं। समय पर उपचार नहीं मिलने पर यह जानलेवा भी साबित हो सकता है। डेंगू की जांच एवं उपचार की सुविधा सभी स्वास्थ्य केंद्रों तथा सदर अस्पताल में उपलब्ध है।
बचाव ही सबसे प्रभावी उपाय:
डॉ. यादव ने लोगों से अपील की कि डेंगू बुखार होने पर केवल पैरासिटामोल दवा का सेवन करें तथा पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं। उन्होंने चेतावनी दी कि एस्प्रीन समूह की दवाओं का सेवन भूलकर भी न करें।
उन्होंने बताया कि घरों की छतों एवं आसपास टूटे-फूटे बर्तन, टायर या अन्य ऐसे सामान में बारिश का पानी जमा नहीं होने देना चाहिए, क्योंकि इनमें एडीस मच्छर तेजी से पनपते हैं। कूलर, गमले एवं पानी के अन्य बर्तनों का पानी सप्ताह में कम से कम दो बार अवश्य बदलना चाहिए।
कार्यशाला में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दुर्गानन्द झा, बीडीसीओ प्रिंस कुमार एवं पवन कुमार, वीबीडीएस दीपक कुमार, बीएचएम, पीरामल फाउंडेशन के रोहित सिंह एवं विशाल कुमार सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।
No comments