किसी भी प्रकार का खबर व विज्ञापन के लिए सम्पर्क करे 6201984873

  • Breaking News

    फाइलेरिया मुक्त भविष्य के लिए सर्वजन दवा सेवन अभियान का शुभारंभ

    मुजफ्फरपुर। ​​स्वास्थ्य विभाग द्वारा घातक बीमारी फाइलेरिया यानी हाथीपांव के समूल नाश के लिए सर्वजन दवा सेवन अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। जिला स्वास्थ्य समिति स्थित सभागार में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान सिविल सर्जन डॉ अजय कुमार, जिला भीबीडीसी पदाधिकारी डॉ सुधीर कुमार, डीपीएम रेहान अशरफ, डब्लूएचओ रीजनल कॉर्डिनेटर डॉ माधुरी देवराजू ने स्वयं दवा का सेवन कर और उपस्थित जनसमूह को जागरूक कर इस जन-अभियान की शुरुआत की। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज को फाइलेरिया जैसी अपंगताकारी बीमारी से पूरी तरह मुक्त बनाना है।

    ​घर-घर दस्तक और नि:शुल्क दवा खिलाई जा रही:

    ​सिविल सर्जन ने बताया कि इस अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक रणनीति तैयार की है जिसके अंतर्गत स्वास्थ्य कर्मियों के दल अगले कुछ दिनों तक द्वार-द्वार जाकर अपनी उपस्थिति में लोगों को दवा खिलाएंगे। इस दौरान एलबेंडाजोल, आईवरमेकटिन और डीईसी की गोलियां सभी पात्र व्यक्तियों को पूरी तरह नि:शुल्क खिलाई जा रही हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि दवा का वितरण केवल कागजों तक सीमित न रहे, इसलिए स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि वे लाभार्थियों को अपने सामने ही दवा का सेवन करवाएं।

    ​सुरक्षा मानक और महत्वपूर्ण सावधानियां:

    ​डॉ सुधीर कुमार ने बताया कि दवा सेवन को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने कुछ जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। अधिकारियों ने जानकारी दी है कि यह दवा कभी भी खाली पेट नहीं खानी चाहिए। इसके साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों, गर्भवती महिलाओं और दो वर्ष से कम उम्र के छोटे बच्चों को यह दवा नहीं दी जाएगी। आम जनता को यह भरोसा दिलाया गया है कि यह दवा पूरी तरह सुरक्षित है और बचाव के लिए अत्यंत आवश्यक है।

    ​अधिकारियों का संदेश और जन-भागीदारी:

    डीपीएम ​रेहान अशरफ ने इस अवसर पर बताया कि फाइलेरिया एक ऐसी बीमारी है जिसके लक्षण संक्रमण के कई वर्षों बाद दिखाई देते हैं, इसलिए सावधानी ही एकमात्र विकल्प है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि फाइलेरिया का कोई उपचार नहीं है, किंतु इससे बचाव बहुत सरल है। वर्ष में एक बार दवा का सेवन करने से हम और हमारी आने वाली पीढ़ी इस लाइलाज बीमारी से सुरक्षित रह सकती है। प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे स्वास्थ्य कर्मियों का सहयोग करें ताकि जिले को हाथीपांव मुक्त बनाया जा सके।

    मौके पर सिविल सर्जन डॉ अजय कुमार, डीपीएम रेहान अशरफ, भीबीडीसीओ डॉ सुधीर कुमार, डब्लूएचओ से डॉ माधुरी देवराजू, भीडीसीओ राकेश कुमार रंजन, रौशन कुमार, अभिषेक, बिपिन कुमार, पिरामल और सीएफएआर के जिला प्रतिनिधि सहित अन्य लोग उपस्थित थे। 

    No comments

    Post Top Ad

    ad728

    Post Bottom Ad

    ad728