आगामी दस फरवरी से सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम को लेकर जिला स्तरीय टीओटी का आयोजन
-जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर बल
-माइक्रोफाइलेरिया रेट 1.27 सभी प्रखंडों में चलेगा सर्वजन दवा सेवन अभियान
शिवहर। जिले में आगामी 10 फरवरी से सर्वजन दवा सेवन (मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन- एमडीए) कार्यक्रम के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन हेतु बुधवार को जिला स्तरीय टीओटी (प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण) कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस जिला स्तरीय टीओटी कार्यशाला में जिले के सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, भीबीडीएस, बीसीएम, सीएचओ एवं डाटा ऑपरेटर ने भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल सर्जन, शिवहर डॉ. दीपक कुमार द्वारा की गई। इस अवसर पर प्रभारी जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. अरुण कुमार सिंहा ने सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम के उद्देश्य, रणनीति एवं फील्ड-स्तरीय कार्यान्वयन से संबंधित आवश्यक जानकारी दी। अध्यक्षीय संबोधन में सिविल सर्जन डॉ. दीपक कुमार ने कहा कि फाइलेरिया उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को आपसी समन्वय, गुणवत्ता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना आवश्यक है।
कार्यशाला के दौरान जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण सलाहकार श्री मोहन कुमार ने कहा कि नवंबर में हुए नाइट ब्लड सर्वे के अनुसार जिले का माइक्रोफाइलेरिया रेट 1.27 है। एक प्रतिशत से अधिक माइक्रोफाइलेरिया रेट के होने के कारण इस बार पूरे जिले में एमडीए अभियान चलेगा।
उनके द्वारा कार्यक्रम की समग्र रूपरेखा, पूर्व-तैयारी, माइक्रो-प्लानिंग, दवा वितरण व्यवस्था एवं निगरानी प्रणाली पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया।
प्रतिभागियों को निर्देशित किया गया कि सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम के दौरान अधिकतम जन-भागीदारी एवं शत-प्रतिशत लक्षित आबादी तक दवा सेवन सुनिश्चित किया जाए। इस कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में फाइलेरिया उन्मूलन के उद्देश्य से तीन दवाओं एलबेंडाजोल, डीईसी एवं आइवरमेक्टिन का सर्वजन दवा सेवन कराया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. राहुल, कृष्ण शेखर, प्रोग्राम पदाधिकारी पीरामल सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मियों की सक्रिय सहभागिता रही।
No comments