किसी भी प्रकार का खबर व विज्ञापन के लिए सम्पर्क करे 6201984873

  • Breaking News

    पोझिया आयुष्मान आरोग्य मंदिर में स्वास्थ्य शिविर व जन संवाद आयोजित, हर गुरुवार मनेगा ‘जीविका आरोग्य दिवस’

    -​बीडीओ सुजीत कुमार के मार्गदर्शन में हुआ आयोजन, शिविर में निःशुल्क जांच व दवा वितरण के साथ लगी पोषण प्रदर्शनी

    ​वैशाली। ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के उद्देश्य से गुरुवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सुजीत कुमार के दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन में लालगंज प्रखंड की राज बसंता जहानाबाद पंचायत स्थित पोझिया आयुष्मान आरोग्य मंदिर में जन आरोग्य समिति के तत्वावधान में स्वास्थ्य शिविर एवं जन संवाद का आयोजन किया गया। इस पहल को ग्रामीण स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए बीडीओ सुजीत कुमार ने कहा कि सभी विभागों के आपसी समन्वय और जनसहभागिता से पंचायत स्तर पर हर ग्रामीण को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रखंड प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

    ​मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टेलीपरामर्श और ‘जीविका आरोग्य दिवस’ पर जोर:

    शिविर में ग्रामीणों की निःशुल्क जांच कर दवाएं दी गईं तथा उन्हें मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार नियोजन, किशोर स्वास्थ्य, उच्च रक्तचाप व मधुमेह की जांच, मानसिक स्वास्थ्य और टेलीपरामर्श सेवाओं से जोड़ा गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग और जीविका की साझा पहल ‘जीविका आरोग्य दिवस’ का शुभारंभ हुआ, जिसके तहत प्रत्येक गुरुवार को जीविका दीदियों को विशेष स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। साथ ही आईसीडीएस व जीविका ने पोषण प्रदर्शनी लगाई। इन सुविधाओं को रेखांकित करते हुए जिला सामुदायिक उत्प्रेरक (डीसीएम) निभा रानी सिन्हा ने कहा कि आरोग्य मंदिरों से ग्रामीणों को गांव में ही जांच, दवा व टेलीपरामर्श की सुविधा मिल रही है तथा ‘जीविका आरोग्य दिवस’ से महिलाओं के स्वास्थ्य में बड़ा सुधार आएगा। वहीं जिला योजना समन्वयक (डीपीसी) विकास कुमार ने स्वास्थ्य ढांचे के सुदृढ़ीकरण और योजनाओं का लाभ हर ग्रामीण तक पहुंचाने पर बल दिया।

    ग्रामीणों के सुझावों से और बेहतर होंगी स्वास्थ्य सेवाएं:

    जन संवाद में ग्रामीणों ने दवा उपलब्धता, नियमित जांच और रेफरल सेवाओं पर सुझाव दिए। इन पर कार्ययोजना बनाने की बात कहते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जया ने कहा कि इस संवाद का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य सुधार की प्रक्रिया में भागीदार बनाना और समुदाय की आवश्यकताओं के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देना है। वहीं मुखिया श्री गणेश राय ने आरोग्य मंदिर को समुदाय और स्वास्थ्य तंत्र के बीच मजबूत सेतु बताते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही स्वास्थ्य सेवाएं अधिक जवाबदेह और प्रभावी बनती हैं। 

    मौके पर डीपीसी विकास कुमार, डीसीएम निभा रानी सिन्हा, डॉ. जया, मुखिया गणेश राय, पंचायती राज, आईसीडीएस, जीविका व तकनीकी सहयोगी संस्था जपाइगो के प्रतिनिधि तथा लालगंज के सभी आरोग्य मंदिरों की स्वास्थ्य टीम व ग्रामीण उपस्थित रहे।

    No comments

    Post Top Ad

    ad728

    Post Bottom Ad

    ad728