श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 102 एंबुलेंस सेवा तैयार, दुर्गा पूजा को लेकर विशेष सतर्कता
-दुर्गा पूजा पर अलर्ट मोड में 102 एंबुलेंस सेवा, आपात स्थिति के लिए टीमें तैयार
पश्चिम चंपारण। दुर्गा पूजा के दौरान राज्य में बढ़ने वाली भीड़ और श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए पश्चिम चंपारण में संचालित 102 एंबुलेंस सेवा को हाई अलर्ट पर रखा गया है। त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की मेडिकल इमरजेंसी, सड़क दुर्घटना या अन्य आपात स्थिति में लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए एंबुलेंस टीमों को पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य सरकार के सहयोग से ज़ेनप्लस सर्विसेज द्वारा 102 एंबुलेंस सेवा का निःशुल्क संचालन किया जा रहा है।
दुर्गा पूजा के अवसर पर शहरों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बड़ी संख्या में पूजा पंडाल लगाए जाते हैं। प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों और पूजा पंडालों के आसपास श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहती है। ऐसे में अचानक तबीयत बिगड़ने, चोट लगने, सड़क दुर्घटना, बेहोशी, सांस लेने में परेशानी या अन्य स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थितियों की आशंका बनी रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए 102 एंबुलेंस सेवा की टीमों को विशेष सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
पश्चिम चंपारण जिले में कुल 73 एंबुलेंस संचालित की जा रही हैं। इनमें 19 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस (एएलएसए), 50 बेसिक लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस (बीएलएसए) और 4 शव वाहन शामिल है। प्रत्येक एंबुलेंस में चालक के साथ प्रशिक्षित इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (ईएमटी) तैनात रहते हैं, जो आपात स्थिति में मरीज को प्राथमिक उपचार देने में सक्षम हैं। इन एंबुलेंसों का उपयोग मेडिकल कॉलेज, सदर अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल, रेफरल अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से मरीजों के परिवहन के लिए किया जाता है।
ऑपरेशन टीम द्वारा एंबुलेंस की उपलब्धता, तैनाती और रिस्पॉन्स टाइम की लगातार निगरानी की जा रही है। आवश्यकता के अनुसार भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील क्षेत्रों में एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही, कॉल सेंटर टीम को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपातकालीन कॉल पर तत्काल कार्रवाई करते हुए जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर सहायता पहुंचाई जा सके।
अगस्त 2026 में पश्चिम चंपारण जिले में कुल 6,042 मामलों में 102 एंबुलेंस सेवा द्वारा सहायता प्रदान की गई। इनमें 4,612 गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया। इसके अलावा 101 नवजात एवं गंभीर मरीजों, 174 सड़क दुर्घटना पीड़ितों तथा 1155 अन्य मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में 102 एंबुलेंस सेवा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दुर्गा पूजा के दौरान भी सेवा को निर्बाध बनाए रखने और जरूरतमंद मरीजों तक समय पर सहायता पहुंचाने के लिए पूरी टीम सक्रिय रहेगी।
ज़ेनप्लस सर्विसेज, बिहार के प्रोजेक्ट हेड दीपक श्रीवास्तव ने कहा, “हमारा उद्देश्य त्योहार के दौरान लोगों को सुरक्षित और भरोसेमंद आपातकालीन परिवहन सेवा उपलब्ध कराना है, ताकि किसी भी मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में मरीज को बिना देरी के आवश्यक चिकित्सा सुविधा तक पहुंचाया जा सके।”
पश्चिम चंपारण के एसीओ नितेश सिंह लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी चिकित्सा आपात स्थिति में घबराएं नहीं और आवश्यकता पड़ने पर 102 पर कॉल कर निःशुल्क एंबुलेंस सेवा की सहायता लें।
No comments