किसी भी प्रकार का खबर व विज्ञापन के लिए सम्पर्क करे 6201984873

  • Breaking News

    डीडीसी निशांत सिहारा ने मोतीपुर पीएचसी का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं मरीजों की सुविधाओं की समीक्षा

    -मरीजों को बेहतर एवं निर्बाध स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का दिया निर्देश

    मुजफ्फरपुर। उप विकास आयुक्त, मुजफ्फरपुर निशांत सिहारा द्वारा आज मोतीपुर प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया।

    उप विकास आयुक्त ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, ओपीडी, पंजीकरण एवं काउंटर व्यवस्था, दवा वितरण केंद्र, प्रयोगशाला, एक्स-रे सुविधा, एंबुलेंस सेवा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से उपलब्ध सुविधाओं एवं मरीजों को दी जा रही सेवाओं के संबंध में जानकारी ली।

    समीक्षा के क्रम में उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं निर्बाध एवं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाएं। मरीजों एवं उनके परिजनों के साथ काउंटर तथा ओपीडी में स्वास्थ्यकर्मियों का व्यवहार कुशल एवं सहयोगात्मक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाला प्रत्येक मरीज सम्मानजनक व्यवहार और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा का हकदार है।

    उन्होंने अस्पताल में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की तथा निर्देश दिया कि मरीजों को निर्धारित आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। दवा की उपलब्धता एवं स्टॉक की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।

    निरीक्षण के दौरान एंबुलेंस सेवा की स्थिति, अस्पताल में उपलब्ध बेड एवं उनकी उपयोगिता, प्रयोगशाला की कार्यप्रणाली तथा एक्स-रे मशीन की उपलब्धता एवं संचालन की भी जानकारी ली गई। उन्होंने निर्देश दिया कि मरीजों की आवश्यकता के अनुरूप सभी जांच एवं उपचार संबंधी सुविधाएं प्रभावी रूप से संचालित रहें तथा उपकरणों को कार्यशील स्थिति में रखा जाए।

    उप विकास आयुक्त ने अस्पताल के वार्डों एवं ओपीडी परिसर में साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थान में स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मरीजों के बेहतर उपचार के लिए अत्यंत आवश्यक है। परिसर की नियमित साफ-सफाई, शौचालयों की स्वच्छता तथा चिकित्सकीय कचरे के उचित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

    उप विकास आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देशित किया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करते हुए मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा संस्थान में आने वाले मरीजों की सुविधा एवं संतुष्टि सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

    No comments

    Post Top Ad

    ad728

    Post Bottom Ad

    ad728