जाँच एवं उपचार–चिकित्सा आपके द्वार अभियान के तहत जागरूकता रैली
-स्कूली बच्चों ने लगाए जागरूकता के नारे
-30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की होगी एनसीडी स्क्रीनिंग
-घर-द्वार पर 13 प्रकार की जाँच एवं उपचार की सुविधा
सीतामढ़ी। “जाँच एवं उपचार–चिकित्सा आपके द्वार” अभियान के तहत स्कूली बच्चों द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में चिल्ड्रेन हैप्पी होम के करीब 100 बच्चों एवं शिक्षकों ने भाग लिया। रैली का नेतृत्व सिविल सर्जन डॉ. रविंद्र कुमार यादव ने किया। इस दौरान बच्चों ने “समय से पहचान, इलाज आसान”, “तंबाकू छोड़ें, कैंसर से बचें” और “सही खान-पान, जीवन आसान” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को कैंसर, मधुमेह, उच्च रक्तचाप सहित गैर-संचारी रोगों के प्रति जागरूक किया।
30 नवंबर तक चलेगा अभियान:
सिविल सर्जन डॉ. यादव ने बताया कि अभियान 30 नवंबर तक चलेगा। इसके तहत आशा, एएनएम एवं सीएचओ द्वारा घर-घर जाकर 30 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के लोगों की गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) की स्क्रीनिंग की जाएगी। जांच के आधार पर आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। अभियान का उद्देश्य बीमारियों की प्रारंभिक स्तर पर पहचान कर समय पर उपचार सुनिश्चित करना है।
घर-द्वार पर मिलेंगी 13 प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं:
अभियान के तहत लोगों को घर-द्वार पर 13 प्रकार की जाँच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। सभी जांच एवं मरीजों से संबंधित जानकारी की रियल टाइम एंट्री की जाएगी तथा एनसीडी पोर्टल के माध्यम से इसकी नियमित मॉनिटरिंग होगी। मरीजों को आभा आईडी से जोड़कर उनका डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा, जिससे उपचार की निरंतरता सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।
सिविल सर्जन ने स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को जांच की गुणवत्ता, समयबद्ध उपचार, मरीजों की समुचित काउंसिलिंग तथा आवश्यकता होने पर उचित रेफरल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही अभियान के सफल क्रियान्वयन में जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेने एवं उन्हें कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देने पर जोर दिया गया। रैली में स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी-कर्मी, हैप्पी होम स्कूल के बच्चे एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
No comments