सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं ने पकड़ी रफ्तार, तीन महीने में रिकॉर्ड 1,643 सर्जरी
-अगस्त में सबसे ज्यादा 662 ऑपरेशन, प्रसूति विभाग में 1,290 सिजेरियन प्रसव
वैशाली। सदर अस्पताल हाजीपुर में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ इलाज मुहैया कराने की दिशा में स्वास्थ्य सेवाओं ने नई ऊंचाई छुई है। अस्पताल के एमसीएच ओटी और जनरल ओटी में बीते तीन महीनों जून, जुलाई और अगस्त के दौरान कुल 1,643 सफल ऑपरेशन किए गए। यह आंकड़ा जिले में सुदृढ़ होती चिकित्सा व्यवस्था और सरकारी स्वास्थ्य तंत्र पर आम लोगों के बढ़ते भरोसे को साफ दर्शाता है।
प्रसूति विभाग में सुरक्षित मातृत्व पर जोर:
अस्पताल के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग ने सुरक्षित मातृत्व के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया है। इस विभाग में तीन महीनों के भीतर कुल 1,565 शल्य प्रक्रियाएं की गईं, जिनमें 1,290 एलएससीएस यानी सिजेरियन प्रसव और 275 पीपीएस शामिल हैं। विभाग में माहवार आंकड़ों पर नजर डालें तो जून में 421 और जुलाई में 494 ऑपरेशन हुए, जबकि अगस्त में यह संख्या बढ़कर रिकॉर्ड 650 तक पहुंच गई, जो इस पूरी अवधि में सबसे अधिक है।
हादसे के घायलों को समय पर मिला इलाज:
दूसरी ओर जनरल सर्जरी विभाग ने भी आपातकालीन और सामान्य दोनों तरह के मामलों में तत्परता दिखाई है। विभाग में जून से अगस्त के बीच कुल 353 सर्जरी की गईं। इनमें सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े आरटीए वुंड रिपेयर के 187 मामले प्रमुख रहे। इसके अलावा सिस्ट के 23, आई एंड डी के 13, फाइमोसिस के 8, फॉरेन बॉडी निकालने के 9 और अन्य विभिन्न प्रकार की शल्य प्रक्रियाएं सफलतापूर्वक पूरी की गईं।
हर महीने बढ़ता गया सर्जरी का ग्राफ:
अस्पताल के कुल प्रदर्शन की बात करें तो तीनों महीनों में ऑपरेशन के आंकड़ों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई। जून में कुल 446 और जुलाई में 535 सर्जरी की गईं, जबकि अगस्त में यह आंकड़ा बढ़कर 662 तक पहुंच गया।
प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. शाहू ने कहा कि सदर अस्पताल में आने वाले हर मरीज को समय पर बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना स्वास्थ्य महकमे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि आवश्यक शल्य प्रक्रियाएं अस्पताल स्तर पर ही सुनिश्चित होने से मरीजों को बाहर रेफर करने की जरूरत काफी कम हुई है, जिससे सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) डॉ. कुमार मनोज ने कहा कि अस्पताल में संसाधनों और कार्यप्रणाली को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है, जिसका सीधा असर सर्जरी के बढ़ते आंकड़ों में दिख रहा है। उन्होंने बताया कि प्रसूति एवं सामान्य सर्जरी दोनों ही विभागों में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम पूरी मुस्तैदी से सेवा दे रही है, जिससे जिले के लोगों को बिना किसी परेशानी के स्थानीय स्तर पर ही उच्चस्तरीय इलाज मिल पा रहा है।
No comments