कुढ़नी सीएचसी में पुनः शुरू हुआ सफल सिजेरियन प्रसव, महिलाओं को बड़ी राहत
-डीएम के निर्देश का असर, एक सप्ताह में शुरू पुनः हुई सी-सेक्शन सुविधा
-पर्यटन मंत्री की शिकायत के बाद डीएम ने किया था औचक निरीक्षण
-जटिल प्रसव में अब जिला मुख्यालय जाने की जरूरत होगी कम
-डीपीएम व पिरामल टीम ने पहुंचकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मुजफ्फरपुर। ग्रामीण क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं के लिए राहत की खबर है। जिलाधिकारी डॉ कुमार गौरव के निर्देश के बाद सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुढ़नी में पुनः सिजेरियन (सी-सेक्शन) प्रसव सफलतापूर्वक कराया गया। इससे प्रसव संबंधी जटिलता की स्थिति में स्थानीय महिलाओं को जिला मुख्यालय के बड़े अस्पतालों या निजी क्लीनिकों की दौड़ लगाने से राहत मिलेगी। अस्पताल प्रशासन के अनुसार अब सीएचसी में नियमित सिजेरियन प्रसव की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
एक सप्ताह में शुरू हुई सुविधा:
बीते सोमवार को बिहार के पर्यटन मंत्री सह स्थानीय कुढ़नी विधायक केदार प्रसाद गुप्ता ने सीएचसी के बारे में जिलाधिकारी को जानकारी दी थी। इसके बाद जिलाधिकारी ने बीते मंगलवार को औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य प्रशासन को एक सप्ताह के भीतर सिजेरियन ऑपरेशन शुरू करने का निर्देश दिया था। निरीक्षण में सामने आई कमियों को भी तत्काल दुरुस्त किया गया।
विशेषज्ञ टीम ने कराया सुरक्षित प्रसव:
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रीता रेनू चौधरी के नेतृत्व में महिला चिकित्सक डॉ. श्वेता कुमारी, एनेस्थेटिस्ट डॉ. विजय कुमार, ओटी प्रभारी पंकज कुमार, ओटी सहायक विक्रम कुमार तथा जीएनएम आकृति कुमारी और श्वेता कुमारी की टीम ने ऑपरेशन कराया।
जिला टीम ने परखी स्वास्थ्य व्यवस्था:
ऑपरेशन के दौरान जिला स्वास्थ्य समिति के डीपीएम सलीम जावेद और जिला पिरामल टीम ने पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बीएचएम, बीसीएम समेत अन्य कर्मी भी मौजूद रहे। सुविधा शुरू होने से कुढ़नी व आसपास की पंचायतों की गर्भवती महिलाओं को स्थानीय स्तर पर सिजेरियन प्रसव की सुविधा मिल सकेगी।
No comments