महिला जनप्रतिनिधियों को नेतृत्व व स्वास्थ्य जागरूकता का दिया गया प्रशिक्षण
-डब्लूईआर विषय पर जिला स्तरीय कार्यशाला में अधिकार, दायित्व और पंचायत नेतृत्व पर हुआ मंथन
-कालाज़ार, फाइलेरिया उन्मूलन, एनीमिया मुक्त पंचायत और मातृ स्वास्थ्य में जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर विशेष जोर
शिवहर। जिला पंचायत संसाधन केंद्र, शिवहर में निर्वाचित महिला मुखिया एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए डब्लूईआर (निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधि) विषय पर एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व कौशल को सशक्त बनाना तथा पंचायत स्तर पर स्वास्थ्य एवं विकास संबंधी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।
प्रशिक्षण सत्र का संचालन प्रशिक्षक हरीश कुमार एवं अशोक कुमार ने किया। उन्होंने महिला जनप्रतिनिधियों को पंचायत में नेतृत्व की भूमिका, अधिकारों, कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि प्रभावी नेतृत्व से पंचायतों में विकास योजनाओं का बेहतर संचालन संभव है। उन्होंने ग्राम सभा को अधिक सहभागी एवं पारदर्शी बनाने पर भी बल दिया।
कार्यक्रम में पीरामल फाउंडेशन के प्रोग्राम पदाधिकारी (संचारी रोग) नवीन कुमार मिश्रा ने जिले में संचालित स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों की जानकारी साझा की। उन्होंने कालाज़ार एवं फाइलेरिया उन्मूलन, दिव्यांगता प्रमाण पत्र निर्माण, सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम, गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच तथा शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने में जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
प्रशिक्षण के दौरान एनीमिया मुक्त पंचायत की दिशा में नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने, लोगों को समय पर जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। साथ ही ग्राम सभा में महिलाओं, दिव्यांगजनों, वंचित वर्गों एवं अन्य सभी समुदायों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर पंचायतों में स्वास्थ्य एवं विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान किया गया।
No comments