किसी भी प्रकार का खबर व विज्ञापन के लिए सम्पर्क करे 6201984873

  • Breaking News

    डीएम ने दिए सख्त निर्देश, 43 बेड आरक्षित कर अस्पतालों को 24 घंटे मुस्तैद रहने का आदेश

    ​वैशाली। जिले में डेंगू और चिकनगुनिया के संभावित खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट हो गया है। शुक्रवार को जिला पदाधिकारी (डीएम) वर्षा सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में डेंगू नियंत्रणार्थ जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों की गहन समीक्षा की गई।  

    ​24 घंटे मुस्तैद रहें चिकित्सक:

    ​बैठक में डीएम ने स्वास्थ्य विभाग और नगर निकाय के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि डेंगू मरीजों के त्वरित उपचार के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर में 10 बेड, अनुमंडल अस्पताल में 5 बेड और सभी प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में 2-2 बेड सुरक्षित रखे जाएं। इसके साथ ही, डेंगू वार्ड में आवश्यक दवाओं एवं उपकरणों की पूर्ण उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए चिकित्सकों और पारा मेडिकल स्टाफ की 24 घंटे (24X7) रोस्टर ड्यूटी लगाने का निर्देश दिया गया है। डीएम ने सदर अस्पताल से लेकर सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डेंगू जांच के लिए रैपिड किट की उपलब्धता सुनिश्चित करने का सख्त आदेश दिया है।  

    ​मच्छरों पर प्रहार, स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार: डॉ. गुड़िया कुमारी

    ​स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों की जानकारी देते हुए जिला वेक्टर बॉर्न डिजिज नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. गुड़िया कुमारी ने बताया कि प्रशासन किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मुस्तैद है। अपनी तैयारियों पर बात करते हुए उन्होंने कहा, "जिले में डेंगू के मच्छरों पर प्रहार और मरीजों के सुचारू इलाज के लिए हमने पूरी तैयारी कर ली है। डीएम सर के निर्देशानुसार सदर अस्पताल में 10, एसडीएच महुआ में 5 और सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 2-2 बेड यानी जिले में कुल 43 बेड मच्छरदानी के साथ आरक्षित किए जा चुके हैं। जांच को लेकर भी हमारी व्यवस्था मुकम्मल है; रैपिड टेस्ट किट के साथ-साथ सदर अस्पताल हाजीपुर में एलाईजा मशीन और किट उपलब्ध है। जैसे ही किसी क्षेत्र से डेंगू मरीज के मिलने की सूचना प्राप्त होती है, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा और शहरी क्षेत्रों में नगर परिषद के माध्यम से तुरंत मालाथियॉन की फॉगिंग कराई जा रही है।"  

    ​जागरूकता अभियान तेज, कूड़ा वाहनों से भी होगा प्रचार:

    ​जिले में डेंगू से बचाव के लिए जन जागरूकता  अभियान भी तेज कर दिया गया है। शहर के रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, समाहरणालय और सदर अस्पताल जैसे भीड़-भाड़ वाले प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग व बैनर प्रदर्शित किए गए हैं। डीएम ने हाजीपुर शहरी क्षेत्र सहित सभी निकायों में मच्छरों पर नियंत्रण के लिए नियमित तौर पर टेक्निकल मालाथियॉन की फॉगिंग एवं लार्वा नाशी टेमीफास का छिड़काव कराने का आदेश दिया है। कचरा प्रबंधन को दुरुस्त करते हुए नियमित कूड़ा उठाव करने और कूड़ा वाहनों में लगे माइक के जरिए डेंगू से बचाव का ऑडियो बजाकर आम लोगों को जागरूक करने का भी निर्देश दिया गया है।  

    ​इसके अलावा, डीएम ने आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं को अपने पोषक क्षेत्रों में 'सप्ताह में एक बार' प्रोग्राम चलाकर लोगों को डेंगू के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया है। साथ ही, आशा कार्यकर्ताओं को डेंगू एवं चिकनगुनिया से बचाव का प्रशिक्षण देने, स्कूलों के चेतना सत्र में बच्चों को इसके कारण व बचाव के उपाय बताने और सभी पंचायतों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के भी कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।

    No comments

    Post Top Ad

    ad728

    Post Bottom Ad

    ad728