पुरुष नसबंदी एक सरल, सुरक्षित और प्रभावी स्थायी परिवार नियोजन विधि है- सिविल सर्जन
-11 से 31 जुलाई तक होगा परिवार नियोजन पखवाड़ा का संचालन
-रैली के माध्यम से लोगों को किया गया जागरूक
मुजफ्फरपुर। सदर अस्पताल प्रांगण में शनिवार को प्रभारी सिविल सर्जन, डॉ संजीव कुमार एवं डीपीएम मो. सलीम जावेद के द्वारा “परिवार नियोजन पखवाड़ा मेला” का उद्घाटन किया गया। यह पखवाड़ा 11 जुलाई से 31 जुलाई जिला अस्पताल सहित सभी प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्र के स्वास्थ्य संस्थानों पर संचालित होगी।
सिविल सर्जन ने बताया कि पुरुष नसबंदी (एनएसवी) एक सरल, सुरक्षित और प्रभावी स्थायी परिवार नियोजन विधि है, जिसमें बिना टांके और बिना चीरफाड़ के बहुत ही कम समय में प्रक्रिया पूरी हो जाती है। पखवाड़ा अवधि में सभी स्वास्थ्य संस्थानों पर परिवार नियोजन परामर्श, पुरुष व महिला नसबंदी, कॉन्डोम, ओरल पिल्स, आईयूसीडी एवं इंप्लांट आदि सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध रहेंगी। सिविल सर्जन ने आशा, एएनएम और स्वास्थ्यकर्मियों को लक्षित दंपतियों से संपर्क बढ़ाने, मिथक और भ्रांतियां दूर करने तथा स्वैच्छिक स्वीकार्यता बढ़ाने का निर्देश दिया।
पुरुष नसबंदी (एनएसवी) स्वीकार करने वाले लाभार्थियों को केंद्र/राज्य सरकार की गाइडलाइन के अनुसार प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। एवं इसके अतिरिक्त सभी प्रकार के सेवाएं निशुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी।
परिवार नियोजन पखवाड़ा में प्रति आशा कंडोम 50, माला एन 20 पत्ता, छाया 20 पत्ता, ई पिल 10 पत्ता, वितरण करना का अपेक्षित लक्ष्य दिया गया है। साथ ही प्रति प्रखंड महिला वर्गीकरण 80, पुरुष बंध्याकरण 5, आई यू सी डी 50, अंतरा 50 का भी लक्ष्य दिया गया है।
जागरूकता रैली का शुभारंभ:
इस अवसर पर एएनएम स्कूल की छात्राओं द्वारा परिवार नियोजन के जागरूकता हेतु पैदल मार्च रैली निकाली गई। रैली की शुरुआत सिविल सर्जन द्वारा हरी झंडी दिखाकर की गई, जिसमें स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और विभिन्न डेवलपमेंट पार्टनर के प्रतिनिधि आदि मौजूद रहे।
रैली जिला अस्पताल से शुरू होकर मुख्य बाज़ार, भीड़भाड़ वाले चौक और प्रमुख सड़कों से होते हुए वापस सदर अस्पताल परिसर में संपन्न हुई, ताकि अधिकतम लोगों तक जागरूकता संदेश पहुँच सके। प्रतिभागियों ने “छोटा परिवार – सुखी परिवार”, “पुरुष नसबंदी सुरक्षित और सरल”, “एनएसवी अपनाएं, जिम्मेदार पिता बनें” जैसे नारे लगाकर पुरुषों की भागीदारी पर जोर दिया। रैली में बैनर, पोस्टर, पम्पलेट, के जरिए एनएसवी पखवाड़ा, तारीखें और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी गई।
मौके पर डॉ प्रशांत कुमार प्रभारी जिला सामुदायिक उत्प्रेरक, राजकिरण कुमार जिला डाटा सहायक आशा प्रोग्राम, अन्नू कुमारी परिवार परिवार नियोजन परामर्शी, नीलेश कुमार सहित सी 3, पीएसआई इंडिया के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
No comments