शिकायतों के त्वरित समाधान में मिलेगी मदद, डिजिटल गवर्नेंस को मिलेगा बढ़ावा
- आयुष्मान भारत योजना: व्हाट्सएप पर मिलेगी जानकारी, घर बैठे बनाएं कार्ड
मुजफ्फरपुर: आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लाभार्थियों को अब सरकारी दफ्तरों या वसुधा केंद्रों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। केंद्र सरकार ने योजना से जुड़ी सभी प्रमुख सेवाओं को सीधे व्हाट्सएप पर उपलब्ध करा दिया है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण ने 'आयुष्मान सारथी' नाम से आधिकारिक व्हाट्सएप चैटबॉट शुरू किया है। इसके माध्यम से लाभार्थी 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन अपने मोबाइल से योजना की विभिन्न सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।
मुजफ्फरपुर जिले के लाखों लाभार्थियों के लिए यह डिजिटल सुविधा बेहद उपयोगी साबित होगी। अब ग्रामीण और सुदूर क्षेत्रों के लोगों को आयुष्मान कार्ड बनवाने, पात्रता जांचने, अस्पताल की जानकारी लेने या शिकायत दर्ज कराने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। व्हाट्सएप के माध्यम से यह सभी सेवाएं कुछ ही मिनटों में उपलब्ध होंगी।
घर बैठे मिलेंगी कई महत्वपूर्ण सेवाएं: डीपीसी विमला कुमारी
इस नई डिजिटल पहल की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए डीपीसी (जिला कार्यक्रम समन्वयक) विमला कुमारी ने बताया कि मुजफ्फरपुर और वैशाली जिलों के लाभार्थियों के लिए 'आयुष्मान सारथी' चैटबॉट एक क्रांतिकारी कदम साबित होगा। इसे सीधे प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना सिस्टम के साथ सुरक्षित आधारित तकनीक के जरिए जोड़ा गया है। इससे लाभार्थियों को रियल-टाइम जानकारी और सेवाएं मिलेंगी। हमारा मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ग्रामीण इलाकों का अंतिम व्यक्ति भी बिना किसी बिचौलिए या परेशानी के घर बैठे अपनी पात्रता जांच सके, नया कार्ड बना सके और नजदीकी अस्पतालों की सूची देख सके। इस तकनीक से पारदर्शिता बढ़ेगी और धांधली की शिकायतें खत्म होंगी।"
डिजिटल गवर्नेंस को मिलेगा बढ़ावा:
क्षेत्र के स्वास्थ्य अधिकारियों और सिविल सर्जनों के अनुसार, 'आयुष्मान सारथी' डिजिटल तकनीक के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी और नागरिक केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह प्लेटफॉर्म लाभार्थियों के फीडबैक, शिकायतों और सेवा उपयोग से जुड़े आंकड़ों के आधार पर जिला स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार करने में भी मदद करेगा।
चैटबॉट में मिलेंगी ये प्रमुख जानकारियां और सुविधाएं:
आयुष्मान भारत योजना के तहत अपनी पात्रता की जांच।
नया आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए आवेदन।
आयुष्मान कार्ड सीधे मोबाइल पर डाउनलोड करना।
इ-केवाईसी दोबारा कराना और आधार कार्ड लिंक करना।
आयुष्मान कार्ड लॉक या अनलॉक करने की सुविधा।
70 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए 'आयुष्मान वय वंदना कार्ड' की विशेष जानकारी।
योजना के तहत उपलब्ध वॉलेट बैलेंस (इलाज के लिए बची राशि) देखना।
इलाज का पूरा रिकॉर्ड एवं मेडिकल हिस्ट्री देखना।
मुजफ्फरपुर सहित नजदीकी जिलों के सूचीबद्ध अस्पतालों की जानकारी।
शिकायत दर्ज करना, उसकी स्थिति जानना या शिकायत वापस लेना।
कॉल बैक का अनुरोध करना और अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद अपना फीडबैक देना।
ऐसे करें 'आयुष्मान सारथी' का इस्तेमाल:
आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थी अपने मोबाइल में 91 7290823838 नंबर सेव कर व्हाट्सएप पर 'हाय' (Hi) लिखकर संदेश भेज सकते हैं। इसके बाद चैटबॉट स्वतः सक्रिय हो जाएगा और उपलब्ध सेवाओं की सूची (मेनू) सामने आ जाएगी। लाभार्थी अपनी आवश्यकतानुसार विकल्प चुनकर संबंधित सेवा का लाभ ले सकते हैं। यह सुविधा 24 घंटे उपलब्ध है और पूरी तरह सुरक्षित प्रणाली पर कार्य करती है।
No comments