मस्तिष्क ज्वर से बचाव को लेकर संध्या चौपाल, ग्रामीणों को किया गया जागरूक
-बच्चों को खाली पेट न सोने दें, लक्षण दिखते ही तुरंत अस्पताल ले जाएं : डॉ. रवीन्द्र कुमार यादव
-प्रचार वाहन के माध्यम से दिखाई गई जागरूकता फिल्म, ग्रामीणों ने लिया बचाव का संकल्प
-2022 के पीड़ित बच्चे का किया गया स्वास्थ्य परीक्षण, अभिभावकों को दी गई आवश्यक सलाह
सीतामढ़ी। मस्तिष्क ज्वर (एईएस) एवं जापानी इंसेफ्लाइटिस के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से नानपुर प्रखंड अंतर्गत शिवमोहम्मदपुर आयुष्मान आरोग्य मंदिर (एचडब्ल्यूसी) पर संध्या चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों, आशा कार्यकर्ताओं तथा पंचायती राज प्रतिनिधियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
चौपाल को संबोधित करते हुए जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. रवीन्द्र कुमार यादव ने मस्तिष्क ज्वर एवं जापानी इंसेफ्लाइटिस के लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बच्चों को कभी भी खाली पेट नहीं सोने देना चाहिए। यदि बच्चा सो गया हो तो उसे जगाकर भोजन अवश्य कराएं। उन्होंने बताया कि बच्चों में बुखार, सुस्ती, ऐंठन या चमकी जैसे लक्षण दिखाई देने पर अभिभावक तुरंत आशा कार्यकर्ता से संपर्क करें तथा एम्बुलेंस 102 या अन्य उपलब्ध वाहन से निकटतम स्वास्थ्य संस्थान पहुंचें। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसी स्थिति में ओझा-भगत के चक्कर में पड़कर समय बर्बाद न करें।
कार्यक्रम के दौरान राज्य स्वास्थ्य समिति द्वारा उपलब्ध कराए गए प्रचार-प्रसार वाहन के माध्यम से मस्तिष्क ज्वर एवं जापानी इंसेफ्लाइटिस से बचाव संबंधी जागरूकता फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया। ग्रामीणों ने फिल्म को ध्यानपूर्वक देखा और स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताए गए सुझावों को अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर डॉ. यादव ने वर्ष 2022 में मस्तिष्क ज्वर से पीड़ित रहे एक बच्चे का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया तथा उसके माता-पिता को नियमित रूप से चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी।
कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दीपक कुमार, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक अनिल कुमार, बीडीसीओ प्रिंस कुमार, मो. आरिफ, पवन कुमार, बीडीएस डॉ. दीपक कुमार, सीएचओ उत्पल कुमार, एएनएम हर्षिता कुमारी, पायल कुमारी, कमलेश कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
No comments