शिवहर में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान शुरू, डीएम प्रतिभा रानी ने खुद दवा खाकर किया शुभारंभ
-पुरनहिया के कस्तूरबा विद्यालय में एमडीए कार्यक्रम का आगाज
-"स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का विकास संभव": फाइलेरिया मुक्ति के लिए डीएम ने दिया संकल्प
-11 फरवरी को मेगा कैंप और 25 से स्कूलों में खिलाई जाएगी दवा
-डीएम और डीडीसी ने आमजन से की सक्रिय भागीदारी की अपील
शिवहर: फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम अंतर्गत संचालित सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलवार को जिला पदाधिकारी श्रीमती प्रतिभा रानी द्वारा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, पुरनहिया में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी ने स्वयं दवा का सेवन कर अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया तथा उपस्थित लोगों को भी दवा सेवन के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं हेतु एनीमिया जांच शिविर का आयोजन किया गया एवं एमएचपी किट का वितरण भी जिला पदाधिकारी द्वारा किया गया।
जिला पदाधिकारी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए पठन-पाठन एवं स्वास्थ्य के महत्व पर विशेष बल दिया। उन्होंने बच्चियों को जीवन में शॉर्टकट नहीं अपनाने, नियमित अध्ययन करने तथा पढ़ाई के साथ-साथ खेल-कूद एवं शारीरिक गतिविधियों पर भी ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का विकास संभव है, जो उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।
उप विकास आयुक्त श्री ब्रजेश कुमार एवं सिविल सर्जन डॉ. दीपक कुमार ने कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए फाइलेरिया उन्मूलन हेतु सर्वजन दवा सेवन की आवश्यकता, इसके लाभ तथा जनसहभागिता की भूमिका पर विस्तृत चर्चा की।
कार्यक्रम में ओएसडी श्री संदीप कुमार, जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. सुरेश राम, डीपीओ (शिक्षा विभाग), डीपीओ (आईसीडीएस), डीपीएम श्रीमती मुक्ता भारती, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार, स्वास्थ्य प्रबंधक, बीबीडी पर्यवेक्षक सहित स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
जिला वीबीडी कंसल्टेंट श्री मोहन कुमार द्वारा कार्यक्रम का संचालन करते हुए बताया गया कि 10 से 24 फरवरी तक घर घर अभियान चलाया जाएगा,11 फरवरी को विशेष मेगा कैंप एवं 25 से 27 तक स्कूल बूथों पर दवा सेवन कराया जाएगा, इस कार्यक्रम में तीन फाइलेरियारोधी दवाओं एलबेंडाजोल, डीईसी एवं आईवरमेक्टिन दवा का सेवन शिवहर जिले में कराया जाएगा।
जिला पदाधिकारी ने आमजन से अपील की है कि फाइलेरिया उन्मूलन हेतु चलाए जा रहे सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए दवा का सेवन अवश्य करें तथा इस जनस्वास्थ्य अभियान को सफल बनाएं।
No comments