नवजात शिशु अदला-बदली के गंभीर आरोपों पर डीएम वैशाली की त्वरित और सख्त कार्रवाई
वैशाली। जिले में नवजात शिशु की अदला-बदली से जुड़े गंभीर आरोपों को जिलाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह ने अत्यंत गंभीरता से लेते हुए त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई की है। प्राप्त आवेदन में शिशु जन्म से संबंधित तथ्यों पर संदेह व्यक्त किया गया था, जिसके आलोक में जिलाधिकारी के निर्देश पर मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच सुनिश्चित की गई।
जिलाधिकारी के आदेश पर तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन किया गया, जिसमें अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) को अध्यक्ष के रूप में शामिल किया गया। समिति द्वारा संबंधित अस्पताल में तैनात चिकित्सकों एवं कर्मियों से विस्तृत पूछताछ की गई तथा सभी बिंदुओं पर गहराई से जांच की गई।
जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि संबंधित चिकित्सकों एवं कर्मियों द्वारा संतोषजनक एवं स्पष्ट जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया, जिससे प्रथम दृष्टया कर्तव्य के प्रति लापरवाही एवं उदासीनता परिलक्षित हुई। जिलाधिकारी द्वारा दोषी पाए गए कुल सात कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश सिविल सर्जन, वैशाली को दिए गए।
जांच प्रतिवेदन के आधार पर जिलाधिकारी की स्वीकृति के उपरांत तीन चिकित्सकों सहित अन्य संबंधित कर्मियों का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण किया गया, जबकि आउटसोर्सिंग के तहत कार्यरत दो कर्मियों की सेवाएं समाप्त कर दी गईं। यह कार्रवाई भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की दिशा में एक कड़ा और स्पष्ट संदेश है।
जिलाधिकारी वैशाली ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही, संवेदनहीनता अथवा अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आमजन के विश्वास की रक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था की पारदर्शिता सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
No comments