शिक्षा विभाग ने फाइलेरिया उन्मूलन के लिए लिया प्रण
-एमडीए अभियान को सफल बनाने हेतु विद्यालय स्तर पर चलाया जाएगा जन-जागरूकता कार्यक्रम
मुजफ्फरपुर। गुरुवार को आगामी 10 फरवरी से चलने वाले सर्वजन दवा सेवन अभियान की सफलता के लिए जिला शिक्षा भवन के सभागार में जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमार अरविंद सिंहा और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, एमडीएम अमित कुमार की अध्यक्षता में सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी,
प्रखंड साधन सेवी एमडीएम और जिला साधन सेवी एमडीएम का उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
फाइलेरिया मुक्त बिहार के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से मुजफ्फरपुर जिले में शिक्षा विभाग ने फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को लेकर विशेष पहल की है। सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए अब विद्यालय स्तर पर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य बच्चों के माध्यम से अभिभावकों और समुदाय के हर वर्ग तक दवा सेवन के महत्व की जानकारी पहुँचाना है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में फाइलेरिया उन्मूलन से संबंधित जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। इसमें विशेष सभा, निबंध लेखन, चित्रकला प्रतियोगिता, स्लोगन लेखन, क्विज़ प्रतियोगिता और प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा। विद्यालयों में शिक्षकों को फाइलेरिया उन्मूलन की जानकारी दी जा रही है ताकि वे छात्रों को सही जानकारी दे सकें।
स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से शिक्षकों को एमडीए कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। बताया गया कि 10 फरवरी से जिले में सर्वजन दवा सेवन अभियान शुरू होने जा रहा है, जिसके तहत दो वर्ष से ऊपर के प्रत्येक व्यक्ति को फाइलेरिया से बचाव की दवा मुफ्त दी जाएगी। दवा सुरक्षित है और इसे खाली पेट नहीं, बल्कि भोजन के बाद सेवन करना चाहिए।
इस अवसर पर जिला फाइलेरिया नियंत्रण पदाधिकारी ने कहा कि शिक्षा विभाग की भागीदारी से अभियान को एक नई दिशा मिलेगी। बच्चे सबसे प्रभावी संदेशवाहक हैं, और जब वे घर जाकर अपने माता-पिता को दवा खाने के लिए प्रेरित करेंगे, तो निश्चित रूप से दवा सेवन का प्रतिशत बढ़ेगा।
विद्यालयों में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से फाइलेरिया उन्मूलन के लिए शपथ भी ली कि वे स्वयं दवा खाएँगे और दूसरों को भी खाने के लिए प्रेरित करेंगे।
मौके पर वीडीसीओ राकेश कुमार, पिरामल पीएल इफ्तिखार अहमद खान, पीओसीडी कुणाल कुमार सहित अन्य शिक्षा कर्मी और स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।
No comments