फाइलेरिया मुक्त शिवहर का संकल्प: ग्राम पंचायत विकास दिवस पर चला जनजागरूकता अभियान, 1,500 रक्त नमूने लेने का लक्ष्य
-पिपराही के परसौनी बैज व देकुली धर्मपुर में मुखिया की अध्यक्षता में हुई ग्राम सभा
-नाइट ब्लड सर्वे (एनबीएस) के लिए जिले के पांच प्रखंडों के 15 गांवों का किया गया चयन
-मरीजों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र, पेंशन और एमएमडीपी सेवाओं से जोड़ने पर जोर
शिवहर। जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग और सहयोगी संस्थाओं ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत विकास दिवस के अवसर पर पिपराही प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत परसौनी बैज (देकुली धर्मपुर) में मुखिया भाग्यनारायण साह की अध्यक्षता में एक विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इसमें ग्रामीणों को फाइलेरिया उन्मूलन और नाइट ब्लड सर्वे (एनबीएस) के प्रति जागरूक किया गया।
रात में रक्त नमूना जांच का महत्व समझाया:
सभा के दौरान स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने नाइट ब्लड सर्वे (एनबीएस) की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला। ग्रामीणों को बताया गया कि फाइलेरिया के परजीवी रात के समय रक्त में सक्रिय होते हैं, इसलिए रात में लिया गया रक्त नमूना (ब्लड सैंपल) ही संक्रमण की सटीक और समय पर पहचान कर सकता है। ग्रामीणों से बिना किसी हिचक के रक्त जांच कराने की अपील की गई। इसके साथ ही, फाइलेरिया से प्रभावित पात्र मरीजों को रुग्णता प्रबंधन एवं दिव्यांगता रोकथाम (एमएमडीपी) सेवाओं, दिव्यांगता प्रमाण पत्र और सरकारी पेंशन योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया की भी विस्तृत जानकारी दी गई।
जिले के 15 चयनित गांवों में 1,500 सैंपल का लक्ष्य:
अभियान के तहत जिले के सभी पांच प्रखंडों के कुल 15 गांवों को नाइट ब्लड सर्वे के लिए चिह्नित किया गया है, जहां 1,500 रक्त नमूने एकत्र करने का लक्ष्य रखा गया है। चयनित गांवों का प्रखंडवार विवरण इस प्रकार है:
शिवहर: ताजपुर, सुगिया कटसरी एवं कुशहर
डुमरी कटसरी: फुलकाहा, डुमरी एवं जहांगीरपुर
पिपराही: धनकौल, देकुली धर्मपुर एवं बसहिया शेख
पुरनहिया: अदौरी, चिरैया एवं परसौनी गौप
तरियानी: तुलसीनगर, सोनवर्षा एवं सरिफनगर
जनप्रतिनिधियों से अभियान को जन आंदोलन बनाने की अपील:
अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए जूम मीटिंग के माध्यम से सभी चयनित पंचायतों के मुखिया, पंचायत सचिव और कार्यपालक पदाधिकारियों को भी प्रशिक्षित व जागरूक किया गया। प्रोग्राम लीडर रोहित कुमार ने सभी जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे आगे आकर ग्रामीणों को रक्त नमूना देने के लिए प्रेरित करें, ताकि इस अभियान को जन आंदोलन का रूप दिया जा सके।
कार्यक्रम में पिरामल फाउंडेशन के पीओ-सीडी नवीन कुमार मिश्रा, पंचायत कार्यपालक पदाधिकारी, पंचायत सचिव, आंगनवाड़ी सेविका, आशा कार्यकर्ता, जीविका दीदियां, स्वयं सहायता समूह की सदस्याएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
No comments