एनीमिया मुक्त भारत अभियान : सदर अस्पताल हाजीपुर में दूसरे बैच का जिला स्तरीय प्रशिक्षण संपन्न
-चार प्रखंडों के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मी रहे शामिल
वैशाली। सदर अस्पताल हाजीपुर (वैशाली) के सभागार में ‘एनीमिया मुक्त भारत’ अभियान के तहत जिला स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण अभियान के दूसरे बैच के लिए था। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी ने की।
प्रशिक्षण में जिले के चार प्रमुख प्रखंडों- चेहरा कला, महुआ, गोरौल एवं सहदेई बुजुर्ग से स्वास्थ्य, शिक्षा और समाज कल्याण विभाग के अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे। इनमें मुख्य रूप से चिकित्सा पदाधिकारी प्रभारी, प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिका, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी तथा प्रखंड संसाधन व्यक्ति शामिल थे।
प्रशिक्षण में दिए गए मुख्य निर्देश:
प्रशिक्षण सत्र के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मियों को ‘एनीमिया मुक्त भारत’ अभियान के उद्देश्यों और कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि समाज से एनीमिया यानी रक्ताल्पता की समस्या दूर करने के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा और समाज कल्याण विभागों के बीच अंतर-विभागीय समन्वय तथा ठोस रणनीति बेहद जरूरी है। सत्र में शरीर में खून की कमी के लक्षणों की पहचान और समय पर उचित प्रबंधन की जानकारी दी गई। गंभीर मामलों को तुरंत उच्च स्वास्थ्य केंद्रों पर भेजने की प्रेषण प्रक्रिया भी समझाई गई।
इसके अलावा विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों, किशोर-किशोरियों और महिलाओं के लिए लौह खुराक के निर्धारित मानक बताए गए। दवाओं की मांग, आपूर्ति और भंडारण का तरीका समझाया गया। मासिक प्रतिवेदन, त्रैमासिक समीक्षा बैठक, गर्भवती माताओं की हीमोग्लोबिन जांच, प्रबंधन और निगरानी के फायदों पर भी विस्तार से बातचीत की गई। फेरिक कार्बोक्सीमाल्टोज लौह उपचार की उपयोगिता पर भी चर्चा की गई।
विभागों की जिम्मेदारियां तय:
अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा और समाज कल्याण तथा एकीकृत बाल विकास सेवा विभागों की अलग-अलग भूमिकाओं और दायित्वों का निर्धारण किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग और सहयोगी संगठनों के कई लोग मौजूद रहे, जिनमें जिला सामुदायिक गतिशीलक, जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन से जुड़े प्रतिनिधि, पिरामल फाउंडेशन और एविडेंस एक्शन के प्रतिनिधि शामिल थे।
No comments