किसी भी प्रकार का खबर व विज्ञापन के लिए सम्पर्क करे 6201984873

  • Breaking News

    जिलाधिकारी ने सीएचसी नानपुर एवं बोखरा का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने का दिया निर्देश

    सीतामढ़ी। जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया द्वारा आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नानपुर एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बोखरा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य दोनों स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, अस्पताल की व्यवस्थाओं तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लेना था।

    निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों एवं शाखाओं का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने एक्स-रे कक्ष, इमरजेंसी सेवा, ओपीडी, दवा वितरण कक्ष, सहित अन्य महत्वपूर्ण शाखाओं का निरीक्षण किया तथा संबंधित कर्मियों से उपलब्ध सुविधाओं एवं सेवाओं के संचालन की जानकारी ली। उन्होंने यह भी देखा कि मरीजों को आवश्यक जांच एवं उपचार की सुविधा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर मिल रही है अथवा नहीं।

    जिलाधिकारी ने अस्पताल में इलाजरत मरीजों एवं उनके परिजनों से भी बातचीत कर उनके स्वास्थ्य का हाल जाना तथा अस्पताल में मिल रही चिकित्सा सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। मरीजों से बातचीत के दौरान उन्होंने उपचार, दवा, जांच एवं अन्य सुविधाओं की उपलब्धता के बारे में फीडबैक लिया।

    उन्होंने दोनों स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों से चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता तथा अस्पताल की समग्र व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि अस्पताल की सभी व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़, सुव्यवस्थित एवं मरीज-केंद्रित बनाया जाए, ताकि स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर आवश्यक जांच, उपचार एवं चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।

    उन्होंने इमरजेंसी सेवा को प्रभावी एवं तत्पर बनाए रखने, आवश्यक दवाओं एवं जांच सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा अस्पताल परिसर में साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। साथ ही, मरीजों एवं उनके परिजनों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए अस्पताल की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने पर जोर दिया।

    जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आमजन को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इन केंद्रों पर आने वाले मरीजों को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

    उन्होंने दोनों प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित करने तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार लाने का निर्देश दिया, ताकि आमजन को स्थानीय स्तर पर ही समय पर बेहतर एवं भरोसेमंद चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।

    No comments

    Post Top Ad

    ad728

    Post Bottom Ad

    ad728