किसी भी प्रकार का खबर व विज्ञापन के लिए सम्पर्क करे 6201984873

  • Breaking News

    सिसवा सरेया पंचायत में हुआ भव्य टीकाकरण उत्सव का आयोजन

    -मुखिया जय दीप कुमार उर्फ गुड्डू प्रसाद ने ग्रामीणों से बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का संपूर्ण टीकाकरण कराने की अपील की

    बेतिया। बैरिया प्रखंड के सिसवा सरेया पंचायत में नियमित टीकाकरण को बढ़ावा देने एवं ग्रामीण समुदाय को टीकाकरण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से टीकाकरण उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पंचायत के माननीय मुखिया जय दीप कुमार उर्फ गुड्डू प्रसाद जी के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में पंचायत के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष लाभार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

    टीकाकरण उत्सव के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के लिए टीकाकरण के महत्व, संपूर्ण टीकाकरण से होने वाले लाभ तथा टीकाकरण से बचाव योग्य गंभीर बीमारियों से सुरक्षा के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही एम सी पी (मातृ एवं शिशु सुरक्षा) कार्ड के महत्व पर भी चर्चा की गई। लाभार्थियों को बताया गया कि एम सी पी कार्ड में मां एवं बच्चे से संबंधित महत्वपूर्ण स्वास्थ्य एवं टीकाकरण संबंधी जानकारी दर्ज रहती है, इसलिए इसे सुरक्षित रखना और प्रत्येक स्वास्थ्य सेवा के समय साथ ले जाना आवश्यक है।

    कार्यक्रम में पंचायत की सभी आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सेविका, ए एन एम, जीविका सी एम एवं सी एन आर पी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं लाभार्थी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य एवं आईसीडीएस विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए समुदाय को टीकाकरण एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक किया।

    स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रखंड सामुदायिक प्रबंधक अरुण कुमार जी तथा आईसीडीएस विभाग की ओर से सुपरवाइजर पिंकी कुमारी जी की उपस्थिति रही। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि बच्चों को उम्र के अनुसार सभी जरूरी टीके समय पर लगवाएं और गर्भवती महिलाएं भी स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित टीकाकरण एवं जांच सेवाओं का लाभ लें।

    कार्यक्रम में सी ओ पी डी (कम्युनिटी ऑफ प्रैक्टिस फॉर डिमांड) कार्यक्रम की ओर से सीनियर मैनेजर सोशल प्रोग्राम मनोज कुमार सिंह, जिला समन्वयक उमेश तिवारी, प्रशिक्षक कृष्ण मुरारी, प्रखंड समन्वयक कुणाल सिंह, फील्ड समन्वयक नुरैशा एवं ज्ञान प्रकाश उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सी ओ पी डी टीम द्वारा समुदाय के साथ संवाद करते हुए टीकाकरण से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने, परिवारों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने तथा छूटे हुए बच्चों का संपूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित कराने पर जोर दिया गया।

    एमसीपी कार्ड रखने के लिए वितरित किए गए झोले:

    कार्यक्रम के दौरान पंचायत के मुखिया जय दीप कुमार उर्फ गुड्डू प्रसाद जी द्वारा लाभार्थियों के बीच एम सी पी कार्ड को सुरक्षित रखने के लिए झोले का वितरण किया गया। इस पहल का उद्देश्य मातृ एवं शिशु सुरक्षा कार्ड को सुरक्षित रखने के साथ-साथ परिवारों को इसे नियमित रूप से स्वास्थ्य सेवाओं के दौरान साथ लाने के लिए प्रोत्साहित करना था।

    मुखिया ने अपने संबोधन में कहा कि पंचायत के प्रत्येक बच्चे एवं गर्भवती महिला तक टीकाकरण की सुविधा पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पंचायतवासियों से अपील की कि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे और सभी परिवार अपने बच्चों का निर्धारित समय पर संपूर्ण टीकाकरण अवश्य कराएं। उन्होंने आशा, सेविका,ए एन एम एवं अन्य फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं से भी समुदाय के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखते हुए टीकाकरण से छूटे हुए लाभार्थियों को स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने में सहयोग करने का अनुरोध किया।

    कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने टीकाकरण के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा अपने सवालों एवं शंकाओं का समाधान स्वास्थ्य एवं कार्यक्रम टीम के सदस्यों से किया। टीकाकरण उत्सव के माध्यम से पंचायत में टीकाकरण के प्रति जागरूकता, सामुदायिक सहभागिता और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

    कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने मिलकर यह संकल्प लिया कि पंचायत में कोई भी बच्चा नियमित टीकाकरण से वंचित नहीं रहेगा और समुदाय के सहयोग से संपूर्ण टीकाकरण को बढ़ावा दिया जाएगा।

    No comments

    Post Top Ad

    ad728

    Post Bottom Ad

    ad728