स्वस्थ पंचायत एवं स्वास्थ्य कार्यक्रमों को लेकर प्रशिक्षण आयोजित
शिवहर। जिला पंचायत संसाधन केंद्र, शिवहर में पंचायत प्रतिनिधियों के लिए एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में “स्वस्थ पंचायत” थीम के तहत स्वास्थ्य गतिविधियों में जनप्रतिनिधियों की भूमिका, जनभागीदारी एवं विभागीय समन्वय पर चर्चा की गई।
पीरामल फाउंडेशन के प्रोग्राम लीडर रोहित कुमार ने स्वस्थ पंचायत की अवधारणा पर जानकारी दी। वहीं प्रोग्राम पदाधिकारी (संचारी रोग) नवीन कुमार मिश्रा ने फाइलेरिया, कालाजार एवं टीबी की पहचान, जांच, उपचार और फॉलोअप के साथ-साथ डिसेबिलिटी प्रमाण पत्र, पेंशन योजना, एनीमिया जांच एवं स्वास्थ्य जागरूकता में पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका पर जानकारी दी।
प्रशिक्षण में एमडीए, एनीमिया मुक्त पंचायत, टीकाकरण, स्वास्थ्य जांच एवं पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया। प्रतिभागियों ने स्वस्थ पंचायत एवं संचारी रोगों के उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
No comments