किसी भी प्रकार का खबर व विज्ञापन के लिए सम्पर्क करे 6201984873

  • Breaking News

    टीबी मुक्त भारत अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन को और सुदृढ़ करें, प्रत्येक प्रमुख संकेतक पर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करें: जिला पदाधिकारी

    वैशाली। जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय परिसर स्थित पुष्करणी सभागार में टीबी मुक्त भारत अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन एवं आगामी कार्ययोजना को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई। 

    कार्यशाला में जिले के सभी कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर , सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर, सीनियर टीबी लैब सुपरवाइजर  सहित स्वास्थ्य विभाग के सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

    कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत के संकल्प को धरातल पर साकार करने के लिए प्रत्येक स्वास्थ्यकर्मी को मिशन मोड में कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि समय पर मरीजों की पहचान, गुणवत्तापूर्ण उपचार, नियमित अनुश्रवण तथा पोषण सहायता की प्रभावी व्यवस्था ही इस अभियान की सफलता की कुंजी है।

    समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने अभियान के पाँच प्रमुख संकेतकों की विस्तृत समीक्षा की। इनमें टीबी स्क्रीनिंग, डिफरेंशिएटेड टीबी केयर, टीबी प्रिवेंटिव थेरेपी, एक्स-रे जांच तथा निक्षय पोषण योजना एवं निक्षय मित्र के माध्यम से फूड बास्केट उपलब्ध कराने की प्रगति का बिंदुवार आकलन किया गया। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक संकेतक पर निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए।

    जिला पदाधिकारी ने कहा कि संभावित टीबी मरीजों की समय पर स्क्रीनिंग, पुष्टि होने पर तत्काल उपचार प्रारंभ करना, संपर्क में आए व्यक्तियों को टीबी प्रिवेंटिव थेरेपी उपलब्ध कराना तथा पात्र मरीजों को निक्षय पोषण योजना एवं निक्षय मित्रों के माध्यम से पोषण सहायता उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी स्वास्थ्य संस्थानों में नियमित मॉनिटरिंग, डाटा की शुद्धता तथा फील्ड स्तर पर सतत अनुश्रवण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

    समीक्षा के दौरान यह जानकारी दी गई कि टीबी मुक्त भारत अभियान के कई प्रमुख प्रदर्शन मानकों पर वैशाली जिला बिहार के अग्रणी जिलों में शामिल है तथा लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। इस पर जिला पदाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि उपलब्धियों को बनाए रखने के साथ-साथ शेष संकेतकों में भी सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने के लिए समन्वित एवं परिणामोन्मुखी प्रयास किए जाएँ।

    जिला पदाधिकारी ने कहा कि टीबी उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनभागीदारी का एक व्यापक अभियान है। उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों से अपील की कि जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, निक्षय मित्रों तथा आम नागरिकों के सहयोग से अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ते हुए टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाए।

    कार्यशाला में सिविल सर्जन, सीडीओ, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (स्वास्थ्य), डीएचएस एवं डीपीसी के कर्मियों सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

    No comments

    Post Top Ad

    ad728

    Post Bottom Ad

    ad728