पौनी हसनपुर में स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
-कुपोषण से बचाव, स्वच्छता, स्तनपान एवं पोषण वाटिका के महत्व की दी गई जानकारी
वैशाली। औलिया आध्यात्मिक अनुसंधान केन्द्र, औलिया दरबार, पौनी हसनपुर, वैशाली के तत्वावधान में डाबर इंडिया लिमिटेड के सहयोग से पौनी हसनपुर गांव में स्वास्थ्य एवं पोषण कार्यक्रम के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण तथा कुपोषण से बचाव को लेकर ग्रामीणों को विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान संस्था के कार्यपालक निदेशक राम कृष्णा ने कुपोषण के कारणों, उससे बचाव के उपाय तथा बच्चों के समुचित विकास के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व पर प्रकाश डाला। महिलाओं को घर एवं आसपास साफ-सफाई रखने तथा बच्चों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया गया। नवजात शिशु के जन्म के तुरंत बाद मां का पहला पीला गाढ़ा दूध (कोलोस्ट्रम) पिलाने के महत्व की भी जानकारी दी गई। इसे नवजात के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण पोषण एवं प्राकृतिक सुरक्षा प्रदान करने वाला बताया गया।
कृषि विशेषज्ञ आदित्य तिवारी ने विभिन्न मौसम में होने वाली सामान्य बीमारियों से बचाव के उपायों के साथ पोषणयुक्त भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए घरों में किचेन गार्डेन विकसित करने की जानकारी दी। उन्होंने बिना रासायनिक खाद के साग-सब्जियों का उत्पादन करने के तरीकों के बारे में ग्रामीणों को व्यावहारिक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घर में उपलब्ध स्थान का उपयोग कर ताजी एवं पौष्टिक सब्जियां उगाई जा सकती हैं।
कार्यक्रम के अंत में जागरूकता कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों के बीच डाबर इंडिया लिमिटेड के उत्पाद, जिसमें फल का जूस, च्यवनप्राश, कपूर, नारियल तेल एवं शहद शामिल थे, नि:शुल्क वितरित किए गए। कार्यक्रम में ग्रामीण प्रमोद तिवारी, राजनाथ पासवान, शम्भु तिवारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
No comments