परिवार नियोजन के 'इम्प्लान्ट' साधन पर एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित
-परिवार नियोजन के नये साधन इम्प्लान्ट को करें सुदृढ़: अधीक्षक प्रो. डॉ. अनिल कुमार
-स्टाफ नर्स इम्प्लान्ट हेतु करेंगी योग्य लाभार्थियों की स्क्रीनिंग: उपाधीक्षक डॉ. डी. के. मिश्रा
-पीएसआई इंडिया के तकनीकी सहयोग से स्टाफ नर्सों एवं ममता कार्यकर्ताओं की क्षमतावर्धन
बेतिया। राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जी.एम.सी.एच.), बेतिया के सभागार में मंगलवार को परिवार नियोजन के नवीन गर्भनिरोधक साधन ‘सबडर्मल कॉन्ट्रासेप्टिव इम्प्लान्ट’ पर एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला पी.एस.आई. इंडिया के तकनीकी सहयोग से आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जी.एम.सी.एच. के अधीक्षक प्रो. डॉ. अनिल कुमार ने की। कार्यक्रम में उपाधीक्षक डॉ. डी. के. मिश्रा एवं अस्पताल प्रबंधक विशाल कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य:
इस प्रशिक्षण का मुख्य ध्येय अस्पताल की स्टाफ नर्सों और ममता कार्यकर्ताओं की तकनीकी क्षमता को सुदृढ़ करना, योग्य लाभार्थियों की समयबद्ध स्क्रीनिंग और प्रभावी परामर्श सुनिश्चित करना था, ताकि अधिक से अधिक पात्र दंपतियों तक इस आधुनिक साधन की पहुँच बनाई जा सके।
तकनीकी पहलुओं पर दी गई जानकारी:
प्रशिक्षण के दौरान पी.एस.आई. इंडिया के प्रतिनिधि अमित कुमार एवं प्रताप सिंह कोशियारी ने प्रतिभागियों को इम्प्लान्ट की प्रभावशीलता, पात्र लाभार्थियों के चयन, क्लाइंट स्क्रीनिंग, सेवा-पूर्व एवं सेवा-पश्चात परामर्श, संभावित दुष्प्रभावों के प्रबंधन और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा देने के तकनीकी पहलुओं से अवगत कराया।
अधिक्षक प्रो. डॉ. अनिल कुमार ने संबोधित करते हुए कहा कि "इम्प्लान्ट एक अत्यंत सुरक्षित, प्रभावी और दीर्घकालिक प्रतिवर्ती गर्भनिरोधक साधन है। यह महिलाओं को लगातार तीन वर्षों तक अनचाहे गर्भ से सुरक्षा प्रदान करता है। सही परामर्श के ज़रिए इसे जन-जन तक पहुँचाना हमारी प्राथमिकता है।"
उपाधीक्षक डॉ. डी. के. मिश्रा ने नर्सों से अपील करते हुए कहा कि "स्टाफ नर्स परिवार नियोजन के अस्थायी साधनों, विशेषकर इम्प्लान्ट, के प्रति जागरूकता फैलाएँ। योग्य दंपतियों की समय पर स्क्रीनिंग कर उन्हें गुणवत्तापूर्ण सेवा उपलब्ध कराने में सक्रिय भूमिका निभाएँ।"
इस अवसर पर अधीक्षक प्रो. डॉ. अनिल कुमार, उपाधीक्षक डॉ. डी. के. मिश्रा, उपाधीक्षक डॉ. संजय कुमार, अस्पताल प्रबंधक विशाल कुमार, पीएसआई इंडिया के प्रतिनिधि अमित कुमार, प्रताप सिंह कोशियारी, राजेश कुमार पाण्डेय, स्टाफ नर्स निशांत रंजन, परिवार नियोजन परामर्शदाता अमित कुमार सहित जी.एम.सी.एच. बेतिया की समस्त स्टाफ नर्सें एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
No comments