राइज प्रशिक्षण से स्वास्थ्यकर्मियों का टीकाकरण कौशल होगा और सशक्त
-डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म से नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को मिलेगी नई मजबूती
-राइज ऐप के पांच मॉड्यूल पर दिया गया विस्तृत प्रशिक्षण, ई-लर्निंग से होगा कौशल विकास
-व्यावहारिक प्रदर्शन के साथ स्वास्थ्यकर्मियों को सिखाई गई ऑनलाइन प्रशिक्षण प्रक्रिया
वैशाली। जिले में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को अधिक प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से सिविल सर्जन कार्यालय के सभागार में रैपिड इम्यूनाइजेशन स्किल एनहांसमेंट (राइज) कार्यक्रम के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी, चिकित्सा अधिकारी, बीसीएम, बीएचएम, एएनएम एवं टीकाकरण कार्यक्रम से जुड़े स्वास्थ्यकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को राइज प्लेटफॉर्म के माध्यम से डिजिटल लर्निंग की पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया गया। प्रशिक्षकों ने बताया कि यह प्लेटफॉर्म स्वास्थ्यकर्मियों के नियमित टीकाकरण संबंधी ज्ञान एवं कौशल को लगातार अद्यतन रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसमें इंटरेक्टिव ई-लर्निंग मॉड्यूल, ऑनलाइन क्विज़, गेम आधारित शिक्षण, रियल-टाइम मॉनिटरिंग, ऑनलाइन मूल्यांकन तथा प्रशिक्षण पूर्ण होने पर ई-सर्टिफिकेट जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
प्रशिक्षण में राइज ऐप के पांच प्रमुख मॉड्यूल की विस्तार से जानकारी दी गई। इनमें टीकाकरण सत्र एवं माइक्रोप्लान प्रबंधन, सुरक्षित इंजेक्शन एवं वैक्सीन प्रशासन, कोल्ड चेन प्रबंधन के सिद्धांत, टीकाकरण के बाद होने वाली प्रतिकूल घटनाओं (एईएफआई) का प्रभावी प्रबंधन तथा वैक्सीन हिचकिचाहट को दूर करने के लिए संवाद कौशल जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे। प्रशिक्षकों ने बताया कि इन मॉड्यूलों के माध्यम से स्वास्थ्यकर्मियों की कार्यकुशलता में वृद्धि होगी और नियमित टीकाकरण सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को राइज ऐप पर पंजीकरण, लॉग-इन, प्री एवं पोस्ट असेसमेंट, मॉड्यूल पूर्ण करने तथा ई-सर्टिफिकेट प्राप्त करने की संपूर्ण प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. विशाल प्रकाश एवं अन्य अधिकारियों ने मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षण प्रदान करते हुए प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान किया। प्रशिक्षण के अंत में अधिकारियों ने कहा कि डिजिटल तकनीक आधारित यह पहल स्वास्थ्यकर्मियों की दक्षता बढ़ाने के साथ-साथ जिले में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।
इस प्रशिक्षण सत्र में जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. विशाल प्रकाश, डब्ल्यूएचओ के एसएमओ डॉ. राजेश कुमार, डीएमएंडएनई रितु राज, यू-विन कोऑर्डिनेटर रणधीर, जेएसआई (राइज) के एसपीएम डॉ. रितेश कुमार, जेएसआई के प्रोग्राम ऑफिसर चंदन सिंह तथा वैशाली जिले के सभी एमओआईसी एवं बीएमईए ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
No comments