किसी भी प्रकार का खबर व विज्ञापन के लिए सम्पर्क करे 6201984873

  • Breaking News

    टीबी मुक्त भारत अभियान को जनभागीदारी से मिलेगी नई मजबूती

    -रेड क्रॉस सोसाइटी छह माह तक 150 टीबी मरीजों को उपलब्ध कराएगी पोषण आहार

    -निक्षय मित्र बनकर मरीजों के सहयोग की अपील, पोषण और सामाजिक समर्थन पर दिया गया जोर

    मोतिहारी। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत टीबी से ग्रसित मरीजों को पोषण आहार उपलब्ध कराने एवं जनभागीदारी को सशक्त बनाने के उद्देश्य से सोमवार को भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा पूर्वी चंपारण, मोतिहारी में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता रेड क्रॉस सोसाइटी के कार्यकारी अध्यक्ष सह अपर समाहर्ता (लोक शिकायत निवारण) श्री शैलेंद्र कुमार भारती ने की।

    बैठक में रेड क्रॉस सोसाइटी के कार्यकारी सदस्य सचिव, मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन एवं सामान्य प्रशाखा के पदाधिकारियों सहित जिला यक्ष्मा केंद्र के अपर उपाधीक्षक सह सहायक अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (संचारी रोग/यक्ष्मा नियंत्रण) डॉ. संजीव, सदर अस्पताल के डीपीएम ठाकुर विश्वमोहन तथा सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) कृष्ण मुरारी सिंह उपस्थित रहे।

    बैठक को संबोधित करते हुए शैलेंद्र कुमार भारती ने कहा कि टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों एवं आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि टीबी का प्रभावी उपचार केवल दवाओं से ही नहीं, बल्कि संतुलित पोषण, नियमित उपचार और सामाजिक सहयोग से संभव है। उन्होंने सक्षम व्यक्तियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं जनप्रतिनिधियों से 'निक्षय मित्र' बनकर टीबी मरीजों की सहायता करने की अपील की।

    बैठक में रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से 150 टीबी मरीजों को लगातार छह माह तक प्रत्येक माह फूड बास्केट (पोषण आहार) उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा गया। इस प्रस्ताव को रेड क्रॉस सोसाइटी की कार्यकारिणी समिति के सभी उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की। इस पहल से जिले में टीबी मरीजों के पोषण स्तर में सुधार के साथ-साथ टीबी मुक्त भारत अभियान को नई गति मिलने की उम्मीद जताई गई।

    No comments

    Post Top Ad

    ad728

    Post Bottom Ad

    ad728