बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं ने नई ऊंचाइयां हासिल कीं, अब रोबोटिक सर्जरी के लिए बाहर जाने की जरूरत नहींः चौधरी
-सरकार की दूरदर्शी नीतियों और निजी क्षेत्र की भागीदारी से मजबूत हुआ बिहार का स्वास्थ्य तंत्र: मंगल पांडेय
-बिग अपोलो अस्पताल में रोबोटिक सर्जरी सेवा का हुआ शुभारंभ, डॉक्टर दिवस एवं आठवां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया
पटना। बिग अपोलो अस्पताल में बुधवार को डॉक्टर दिवस, अस्पताल का आठवां स्थापना दिवस तथा अत्याधुनिक रोबोटिक सर्जरी सेवा के शुभारंभ के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार के माननीय उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी एवं बिहार के माननीय पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय की गरिमामयी उपस्थिति में हुयी। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने सभी चिकित्सकों को डॉक्टर दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डॉक्टर समाज के लिए धरती पर भगवान का स्वरूप हैं, जो लोगों को नया जीवन देने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ वर्ष पहले तक रोबोटिक सर्जरी जैसी आधुनिक सुविधा के लिए मरीजों को बिहार से बाहर जाना पड़ता था, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था में आए व्यापक बदलावों के कारण अब यह सुविधा बिहार में ही उपलब्ध हो रही है।
पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार के स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन हुए हैं और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। सरकार की दूरदर्शी नीतियों का लाभ प्रदेश की जनता को मिल रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी बिहार की स्वास्थ्य सेवाओं और उन्नत बनाने के दिन दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। बढ़ती आबादी वाले बिहार में केवल सरकारी व्यवस्था से सभी नागरिकों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना संभव नहीं है, इसलिए निजी क्षेत्र की सकारात्मक भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। यह संस्थान आधुनिक तकनीक, विशेषज्ञ चिकित्सकों और अत्याधुनिक सुविधाओं के माध्यम से राज्य के लोगों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध करा रहा है। चिकित्सक और मरीज के बीच विश्वास सबसे बड़ी दवा होती है और यही विश्वास उपचार को सफल बनाता है।
मंगल पांडेय ने अस्पताल के चेयरमैन डॉ. विजय प्रकाश की प्रतिबद्धता की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में अस्पताल लगातार नई चिकित्सा सुविधाएं जोड़ रहा है, जिससे बिहार स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रोबोटिक सर्जरी सेवा के माध्यम से हजारों मरीजों को बेहतर इलाज मिलेगा और बिहार आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा।
इस अवसर पर अस्पताल के चेयरमैन डॉ. विजय प्रकाश ने कार्यक्रम में सभी चिकित्सकों को डॉक्टर दिवस की शुभकामनाएं दी तथा अस्पताल के आठ वर्षों की सफल यात्रा और रोबोटिक सर्जरी जैसी अत्याधुनिक सेवा के शुभारंभ पर भी शुभकामनाएं व्यक्त की। इस अवसर पर माननीय पटना साहिब विधायक रत्नेश कुशवाहा, डॉ. रश्मि सिंह, डॉ. अभय कुमार, डॉ. राजेश कुमार तिवारी, डॉ. नेकेश कुमार, डॉ. नीरव कुमार, डॉ. आमिर कुमार, मधुकर दयाल सहित अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक, विशेषज्ञ डॉक्टर, चिकित्सा कर्मी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
No comments