मरीजों को आत्मनिर्भर बनाने और संक्रमण से बचाव की दी गई जानकारी
-रोग प्रबंधन एवं विकलांगता निवारण पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित
-तरियानी पीएचसी में 42 फाइलेरिया मरीजों को वितरित की गई एमएमडीपी किट
-दिव्यांगता प्रमाण पत्र एवं सरकारी लाभों के लिए किया गया जागरूक
शिवहर। फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत शुक्रवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, तरियानी में फाइलेरिया (हाथीपांव) से पीड़ित 42 मरीजों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान सभी मरीजों के बीच रुग्णता प्रबंधन एवं विकलांगता निवारण (एमएमडीपी) किट का वितरण किया गया, ताकि वे घर पर ही अपने पैरों और घावों की समुचित देखभाल कर सकें।
कार्यशाला की अध्यक्षता चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रमन कुमार सिंह ने की। उन्होंने कहा कि फाइलेरिया एक गंभीर एवं लाइलाज बीमारी है, जिसकी रोकथाम के लिए सरकार द्वारा प्रतिवर्ष सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम चलाया जाता है। उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से अपील की कि वे दवा सेवन अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें, ताकि तरियानी प्रखंड को फाइलेरिया मुक्त बनाया जा सके।
कार्यक्रम में मरीजों को हाथीपांव की नियमित सफाई, सूजन कम करने के उपाय, त्वचा की देखभाल तथा संक्रमण से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि नियमित देखभाल एवं स्वच्छता अपनाकर बीमारी के दुष्प्रभावों को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
प्रोग्राम लीड रोहित कुमार ने कहा कि फाइलेरिया एक गंभीर लेकिन रोकथाम योग्य बीमारी है। मरीजों के लिए निरंतर साफ-सफाई और उचित देखभाल आवश्यक है तथा एमएमडीपी किट इस दिशा में काफी सहायक साबित होगी।
इस अवसर पर बीडीएस बृज किशोर कुमार गुप्ता ने किट में उपलब्ध सामग्री जैसे साबुन, तौलिया, एंटीसेप्टिक द्रव्य, चप्पल एवं अन्य उपकरणों के उपयोग की विधि का प्रदर्शन कर मरीजों को विस्तार से समझाया।
वहीं, पिरामल स्वास्थ्य के संचारी रोग कार्यक्रम पदाधिकारी नवीन मिश्रा ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य मरीजों को आत्मनिर्भर बनाना तथा फाइलेरिया के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने मरीजों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने एवं ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी दी, ताकि पात्र मरीज सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम में बीडीएस बृज किशोर गुप्ता, बीएचएम सुजीत कुमार, प्रोग्राम लीड रोहित कुमार तथा पिरामल स्वास्थ्य के कार्यक्रम पदाधिकारी नवीन मिश्रा सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
No comments