ग्रामीण इलाकों को जागरूक करने के लिए रवाना हुआ प्रचार वाहन
-तेज धूप से बच्चों को बचाने की अपील
-चमकी के लक्षण दिखते ही लाएं नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र
वैशाली। चमकी बुखार के बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। इसी कड़ी में मंगलवार को सदर अस्पताल, हाजीपुर से चमकी बुखार के खिलाफ ग्रामीण स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार और जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विशेष प्रचार वाहन का शुभारम्भ किया गया।
जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी ने दिखाई हरी झंडी:
इस जागरूकता वाहन को वैशाली की जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी, गुड़िया कुमारी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य चमकी बुखार के लक्षणों, बचाव के उपायों और त्वरित उपचार के बारे में लोगों को जागरूक करना है।
सभी 16 प्रखंडों और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों तक पहुंचेगा संदेश:
डॉ गुड़िया ने बताया कि यह प्रचार वाहन जिले के सभी 16 प्रखंडों के कोने-कोने में भ्रमण करेगा। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों के स्तर तक जाकर लोगों को चमकी बुखार के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चमकी बुखार से घबराएं नहीं, सतर्क रहें। बच्चों को तेज धूप से बचाएं, रात में भूखे पेट न सोने दें और चमकी के लक्षण दिखते ही तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र लेकर जाएं।
कार्यक्रम में कई स्वास्थ्य अधिकारी रहे मौजूद:
जागरूकता वाहन की रवानगी के इस महत्वपूर्ण अवसर पर जिले के कई प्रमुख स्वास्थ्य कर्मी और अधिकारी उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से वीडीसीओ राजीव कुमार, अनिकेत कुमार, वीबीडीसी धीरेन्द्र कुमार, संगीता कुमारी, पंकज कुमार, राधा कुमारी, रजनीश कुमार एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।
No comments