बाल हृदय योजना के तहत बच्ची को निःशुल्क ओपन हार्ट सर्जरी के लिए किया गया रवाना
-राज्य सरकार की पहल से जरूरतमंद बच्चों को मिल रहा नया जीवन
शिवहर। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) अंतर्गत संचालित बाल हृदय योजना के तहत जिला स्वास्थ्य समिति, शिवहर द्वारा गुरुवार को एक बच्ची को निःशुल्क ओपन हार्ट सर्जरी एवं बेहतर इलाज के लिए रवाना किया गया। यह पहल आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अहमदाबाद के प्रतिष्ठित अस्पताल में होगा उपचार:
लाभार्थी बच्ची सोनिया कुमारी, उम्र 13 वर्ष, ग्राम ताजपुर, जिला शिवहर की निवासी है। उसे 102 एम्बुलेंस के माध्यम से जिला स्वास्थ्य समिति, शिवहर से स्टेट हेल्थ सोसाइटी, पटना भेजा गया। वहां से स्टेट हेल्थ सोसाइटी, पटना के सहयोग से हवाई यात्रा द्वारा अहमदाबाद स्थित श्री सत्य साईं हार्ट हॉस्पिटल में ओपन हार्ट सर्जरी एवं समुचित उपचार कराया जाएगा।
सिविल सर्जन ने दिखाई हरी झंडी:
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. दीपक कुमार ने 102 एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग बच्चों को गंभीर बीमारियों से राहत दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने बताया कि बाल हृदय योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी बड़े अस्पतालों में निःशुल्क इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
कई स्वास्थ्यकर्मी एवं परिजन रहे उपस्थित:
कार्यक्रम के दौरान आरबीएसके जिला समन्वयक डॉ. शोभना, जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी शोएब रजा, लैब टेक्नीशियन साजिद मतीन, 102 एम्बुलेंस के कर्मी तथा लाभार्थी बच्ची के परिजन उपस्थित रहे।
जरूरतमंद बच्चों के लिए वरदान बन रही योजना:
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बाल हृदय योजना के तहत हृदय रोग से पीड़ित बच्चों की पहचान कर उन्हें राज्य सरकार के सहयोग से देश के प्रतिष्ठित अस्पतालों में निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। इस योजना से कई बच्चों को नया जीवन मिल रहा है तथा उनके परिवारों को आर्थिक राहत भी प्राप्त हो रही है।
No comments