किसी भी प्रकार का खबर व विज्ञापन के लिए सम्पर्क करे 6201984873

  • Breaking News

    मुजफ्फरपुर में सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ महायुद्ध, किशोरियों को दिया गया गाडाशील का सुरक्षा कवच

    -​जिले के सभी प्रखंडों में मेगा ड्राइव के तहत एचपीवी टीकाकरण अभियान का शानदार आगाज, यू-विन पोर्टल पर हुआ डिजिटल पंजीकरण

    ​मुजफ्फरपुर। जिले की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से सुरक्षित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को एक बड़ा कदम उठाया है। 10 अप्रैल को जिले के सभी प्रखंडों में मेगा ड्राइव के तर्ज पर एचपीवी यानी गाडाशील वैक्सीन टीकाकरण अभियान का सफलतापूर्वक शुभारंभ किया गया। कुढ़नी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सहित जिले के तमाम स्वास्थ्य केंद्रों पर सुबह से ही किशोरियों और उनके अभिभावकों का भारी उत्साह देखने को मिला। कुढ़नी में इस विशेष अभियान की शुरुआत चौदह वर्षीय प्रियदर्शिनी भारती को गाडाशील वैक्सीन की खुराक देकर की गई।

    ​डीपीएम रेहान अशरफ ने बताया कि आज के एचपीवी मेगा ड्राइव में मड़वन 21, कुढ़नी 13, सरैया 11, औराई 10, मीनापुर 10, पारू 10, सकरा 09, मोतीपुर 07, बांद्रा 06, साहेबगंज 06, कटरा 04, कांटी 02 और मुरौल 01 सहित कुल 110 बच्चियों का एचपीवी टीकाकरण किया गया। इन सभी जगहों पर एक-एक सत्र आयोजित किए गए। इस पूरे अभियान की सबसे खास बात इसकी डिजिटल मॉनिटरिंग रही। प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप यू-विन पोर्टल के माध्यम से हर लाभार्थी को ट्रैक किया जा रहा है और टीकाकरण के तुरंत बाद उन्हें डिजिटल प्रमाण पत्र भी जारी किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और किसी भी प्रकार की चिकित्सीय सहायता के लिए सभी प्रखंडों के सरकारी अस्पताल चौबीस घंटे मुस्तैद हैं। एएनएम प्रमिला कुमारी और उनकी टीम ने इस टीकाकरण कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।

    ​जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. संजीव पांडेय ने अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक माँ की आह और अपनी चौदह-पंद्रह साल की बेटी के सुनहरे भविष्य को ध्यान में रखकर इस अभियान की कल्पना की गई है। उन्होंने बताया कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस एक अदृश्य दुश्मन है जो चुपके से शरीर में प्रवेश कर भविष्य में सर्वाइकल कैंसर का कारण बनता है। डॉ. पांडेय के अनुसार गाडाशील वैक्सीन इस गंभीर बीमारी के विरुद्ध निन्यानवे प्रतिशत तक सुरक्षा प्रदान करती है और यह पूरी तरह प्रभावी है। उन्होंने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों को निकटतम सरकारी स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर यह निशुल्क टीका जरूर लगवाएं।

    ​इस महा-अभियान को धरातल पर उतारने में जिले भर की आशा कार्यकर्ताओं और एएनएम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इन कर्मियों ने घर-घर जाकर जागरूकता फैलाई और किशोरियों को केंद्रों तक लाने में सक्रिय योगदान दिया। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि जिले के सभी प्रखंडों में रहने वाली हर पात्र किशोरी तक इस सुरक्षा कवच को पहुँचाया जाए ताकि भविष्य में उन्हें कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाया जा सके। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

    No comments

    Post Top Ad

    ad728

    Post Bottom Ad

    ad728