टीबी मुक्त सीतामढ़ी का संकल्प, विश्व यक्ष्मा दिवस पर दिलाई गई शपथ
-सिविल सर्जन की अध्यक्षता में स्वास्थ्य कर्मियों ने लिया टीबी उन्मूलन का प्रण
सीतामढ़ी। विश्व यक्ष्मा दिवस के अवसर पर सीतामढ़ी के जिला यक्ष्मा केंद्र के सभा कक्ष में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल सर्जन सीतामढ़ी द्वारा की गई, जिसमें जिले को टीबी मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मियों ने “टीबी मुक्त सीतामढ़ी” बनाने की शपथ ली। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा इसके उन्मूलन के लिए सभी स्तरों पर समन्वित प्रयास को बढ़ावा देना था। अधिकारियों ने कहा कि टीबी एक गंभीर लेकिन पूरी तरह से ठीक होने वाली बीमारी है, बशर्ते समय पर इसकी पहचान और नियमित उपचार किया जाए।
कार्यक्रम में डॉ जेड जावेद (जिला यक्ष्मा पदाधिकारी), डॉ मुकेश कुमार, डॉ मनोज कुमार सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे। साथ ही यक्ष्मा कर्मियों में मोहम्मद शमीम आजाद, रंजन शरण, रंजय कुमार एवं संजीत कुमार ने भी अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।
अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है। आम लोगों को जागरूक करना, लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराना तथा मरीजों को नियमित दवा लेने के लिए प्रेरित करना अत्यंत जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान यह भी जोर दिया गया कि सरकार द्वारा टीबी मरीजों के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ उन्हें अवश्य मिलना चाहिए। अंत में सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया कि सीतामढ़ी को जल्द ही टीबी मुक्त जिला बनाया जाएगा और इसके लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
No comments