एचआईवी जागरूकता को लेकर आंगनबाड़ी सेविकाओं का प्रशिक्षण आयोजित
-जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी ने सामाजिक सुरक्षा एवं जांच पर दिया जोर
सीतामढ़ी। जिले में स्वास्थ्य जागरूकता को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सोमवार को यक्ष्मा केंद्र के सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. जेड जावेद ने की, जिसमें आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को एचआईवी/एड्स से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इसमें रोग के लक्षण, बचाव के उपाय, समय पर जांच एवं उपचार के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही, एचआईवी प्रभावित व्यक्तियों के लिए उपलब्ध सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई, ताकि जरूरतमंदों को सरकारी सहायता का लाभ मिल सके।
डॉ. जावेद ने कहा कि यदि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में सही जानकारी लोगों तक पहुंचाएं, तो एचआईवी जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम में काफी हद तक सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से अपील की कि वे अपने गांव एवं मोहल्लों में एचएसएनडी साइट पर गर्भवती महिलाओं को जागरूक करें और उन्हें समय पर जांच कराने के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम में एसटीडी परामर्शी ज्योति रानी ने यौन संचारित संक्रमण के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इस प्रशिक्षण में डीईओ सह लेखपाल रंजन शरण, डीपीसी रंजय कुमार, डीआईएस राजेश कुमार, एसटीएस संजीत कुमार, लैब टेक्नीशियन मोहम्मद शमीम आजाद एवं देवेंद्र प्रसाद सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी भी उपस्थित रहे।
No comments