मिशन परिवार विकास के तहत 5 दिवसीय “सारथी रथ” अभियान की शुरुआत
-गांव-गांव पहुंचेगी परिवार नियोजन की जानकारी
-परिवार नियोजन और मातृ-शिशु स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता अभियान तेज
-सिविल सर्जन डॉ. विजय कुमार द्वारा सारथी रथ को झंडा दिखाकर रवाना किया गया
बेतिया। मिशन परिवार विकास के अंतर्गत पश्चिम चंपारण जिले के सभी प्रखंडों में 5 दिनों तक "सारथी रथ" का संचालन किया जाएगा, जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक परिवार नियोजन संबंधी जानकारी एवं जागरूकता पहुंचाना है। इस अभियान के माध्यम से आमजन को परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं की जानकारी दी जाएगी।
इसी क्रम में सोमवार को सिविल सर्जन डॉ. विजय कुमार द्वारा सारथी रथ को झंडा दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर, डॉ. अर्श मुन्ना (इंचार्ज), डीसीएम, डीएम & ई बिनय कुमार सिंह, डीयूएचएम चंद्र किशोर सहित जिला स्तर के अन्य पदाधिकारी एवं पीएसआई इंडिया के प्रतिनिधि प्रेम कुमार उपस्थित रहे।
मिशन परिवार विकास के तहत 6 मार्च से 20 मार्च तक विशेष सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। इस अवधि में महिला बंध्याकरण, पुरुष नसबंदी तथा अन्य सभी परिवार नियोजन सेवाएं जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
जिला प्रशासन का लक्ष्य पश्चिम चंपारण में परिवार नियोजन सेवाओं को और अधिक सुदृढ़, सुलभ एवं प्रभावी बनाना है, ताकि स्वस्थ, सुरक्षित एवं खुशहाल परिवार के निर्माण में जनसहभागिता सुनिश्चित की जा सके।
No comments