शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे से हटाए जाएंगे तम्बाकू उत्पाद के दुकान
शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे से हटाए जाएंगे तम्बाकू उत्पाद के दुकान
- तम्बाकू के खिलाफ पुलिस और जिला प्रशासन चलाएगा सघन अभियान
- सार्वजनिक स्थानों पर तम्बाकू सेवन करने वालों को पकड़े जाने पर भरना होगा जुर्माना
- जिले का सभी सरकारी कार्यालय परिसर होगा तम्बाकू मुक्त क्षेत्र, बोर्ड नहीं लगाने पर होगी दण्डात्मक कार्रवाई
- डीडीसी ने मुजफ्फरपुर को तम्बाकू मुक्त जिला बनाने का दिया निर्देश
- अब तम्बाकू उत्पाद के थोक एवं खुदरा विक्रेता नहीं बेच सकेंगे बिना बोर्ड के तम्बाकू उत्पाद
मुजफ्फरपुर, 25 सितम्बर। जिले में तम्बाकू नियंत्रण के लिए जिला पदाधिकारी द्वारा गठित त्रिस्तरीय छापामार दस्ते को तम्बाकू नियंत्रण के गुर सिखाने के लिए राज्य सरकार की तकनीकी सहयोगी संस्थान सोशियो इकोनॉमिक एंड एजुकेशनल डेवलपमेंट सोसाइटी (सीड्स) और जिला तम्बाकू नियंत्रण कोषांग के संयुक्त तत्वावधान में आज उप विकास आयुक्त आषुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में उन्मुखीकरण सह प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई।
उप विकास आयुक्त ने बताया कि तम्बाकू के दुष्परिणामों से बच्चों और अवयस्कों को बचाना बहुत आवश्यक है। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि स्कूलों में इस कार्यक्रम का संचालन किया जाय। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने अपने कार्यक्षेत्रों में कोटपा 2003 की विभिन्न धाराओं का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उप विकास आयुक्त ने तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल पदाधिकारी डॉ शिवशंकर को निर्देश दिया कि कोटपा की धारा 4 के अनुपालन को इसके बोर्ड या दिवाल लेखन करवाया जाय । शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे से अविलंब दुकान हटवाने का निर्देश दिया गया।
सीड्स के कार्यपालक निदेशक दीपक मिश्रा ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से तम्बाकू नियंत्रण के कानून कोटपा 2003 के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बिहार के विभिन्न जिलों में अब तक की गई गतिविधियों की जानकारी दी।
विदित हो कि विश्व स्वास्थ्य संगठन और भारत सरकार द्वारा प्रकाशित जीएटीएस(GATS )2 के सर्वे में बिहार में तम्बाकू सेवन करने वालों में काफी हद तक कमी आई है। यह आंकड़ा 53.5% से घट कर 25.9% हो गया है।
कार्यक्रम के आरंभ में तम्बाकू नियंत्रण के जिला नोडल अधिकारी डॉ शिवशंकर ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया और जिले में अब तक की गई गतिविधियों के बारे में बताया। अंत में जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रमोद कुमार वर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
उक्त कार्यशाला में डीपीआरओ कमल सिंह, सीड्स के कार्यक्रम पदाधिकारी सुनील कुमार चौधरी, मनोज कुमार झा, डीपीएम वी पी वर्मा, एनसीडी सेल के जिला वित्तीय सह लाजिस्टिक सलाहकार प्रिंस कुमार, सदर अस्पताल के अधीक्षक, जिला तम्बाकू नियंत्रण कोषांग के नोडल पदाधिकारी सहित सभी छापामार दस्ता के सदस्यों एवं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं थाना प्रभारियों ने हिस्सा लिया।
No comments