किसी भी प्रकार का खबर व विज्ञापन के लिए सम्पर्क करे 6201984873

  • Breaking News

    एचपीवी टीकाकरण अभियान में वैशाली पूरे बिहार में अव्वल

    -अब तक 18,662 बालिकाओं का हुआ टीकाकरण, जिला प्रशासन मिशन मोड में सक्रिय

    वैशाली। जिला पदाधिकारी वैशाली वर्षा सिंह के निर्देशन में सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को लक्षित कर चलाए जा रहे इस विशेष अभियान में वैशाली जिला ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे बिहार में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

    जिला पदाधिकारी ने बताया कि जिले में अब तक 18,662 बालिकाओं का सफलतापूर्वक एचपीवी टीकाकरण किया जा चुका है, जो राज्य में सर्वाधिक है। यह उपलब्धि जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, आंगनबाड़ी कर्मियों, जीविका दीदियों तथा जनसहयोग के समन्वित प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि एचपीवी वैक्सीन बालिकाओं को भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करती है। यह सुरक्षित एवं प्रभावी वैक्सीन है, जिसे केवल एक डोज में दिया जा रहा है।

    जिला प्रशासन द्वारा अभियान को और तेज गति देने हेतु जिले के सभी सरकारी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा विद्यालयों में विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही आवश्यकता अनुसार स्वास्थ्यकर्मियों की टीम घर-घर जाकर भी लाभार्थियों का टीकाकरण सुनिश्चित कर रही है।

    जिला पदाधिकारी ने कहा कि वैशाली जिला केवल लक्ष्य प्राप्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य में एक आदर्श मॉडल के रूप में कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति तक अभियान को निरंतर गति देने का निर्देश दिया है। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की सभी बालिकाओं का समय पर एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि उनकी बेटियों का भविष्य सुरक्षित एवं स्वस्थ बन सके।

    वैशाली जिला की यह उपलब्धि जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में एक नई मिसाल स्थापित कर रही है।

    No comments

    Post Top Ad

    ad728

    Post Bottom Ad

    ad728