18 वर्ष से अधिक उम्र वाले लोगों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए
18 वर्ष से अधिक उम्र वाले लोगों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए
-कोविड-19 टीकाकरण शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने को अपर मुख्य सचिव ने डीएम के साथ की बैठक
- जिले में लगेगा 9 एवं 11 अक्टूबर 2021 को मेगा कैंप
-महादलित टोला एवं अल्पसंख्यक क्षेत्रों में वंचित लोगों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए
मोतिहारी, 07 अक्टूबर। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोविड-19 टीकाकरण शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने को जिलाधिकारी शीर्षत कपिल अशोक के साथ समीक्षा बैठक हुई। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि दशहरा पूजा से पूर्व राज्य भर में 18 वर्ष से अधिक उम्र वाले पुरुष एवं महिला का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए । अपर मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों से सुझाव एवं अनुभव भी मांगे ताकि टीकाकरण अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के अनुसार वंचित लोगों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए । महादलित टोला एवं अल्पसंख्यक क्षेत्रों में वंचित लोगों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए ।
ई-रिक्शा से घर-घर जाकर टीकाकरण काबिले तारीफ: अपर मुख्य सचिव
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने कहा कि राज्य भर में अब कुछ ही प्रखंड ऐसे बचे हैं जो प्रथम खुराक से वंचित हैं । दशहरा पूजा के पूर्व शत प्रतिशत उन क्षेत्रों को अच्छादित किया जाए । अपर मुख्य सचिव ने मोतिहारी जिले के जिलाधिकारी शीर्षत कपिल अशोक के वैक्सीनेशन कार्य की सराहना करते हुए कहा कि सभी पंचायतों में ई-रिक्शा के माध्यम से घर-घर जाकर टीकाकरण किया जा रहा है जो काबिले तारीफ है । कोई भी टीकाकरण से वंचित ना रहे । उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर जरूरत के हिसाब से 9 एवं 11 अक्टूबर 2021 को मेगा कैंप अभियान चलाकर टीकाकरण से वंचित लोगों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए ।
प्रोटोकॉल का पालन करते हुए टीकाकरण किया जा रहा
इस दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि जागरूकता द्वारा लोगों से सम्पर्क कर टीकाकरण किया जा रहा है । ताकि लोग कोविड 19 का टीका लगवा के खुद के साथ अपने परिवार समाज को सुरक्षित रख सकें । आंगनबाड़ी केंद्रों, सरकारी स्कूलों, व स्वास्थ्य केंद्रों पर मास्क, सैनिटाइजर के साथ कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए टीकाकरण किया जा रहा है । लोग खुश हैं कि उन्हें इस महामारी के दौरे में घर से बाहर, दूर अस्पताल जाना नहीं पड़ रहा है । आसानी से घर के बगल में ही टीका मिल जा रहा है । इस अवसर पर जिलाधिकारी, सिविल सर्जन डॉ अंजनी कुमार, डीआईओ डॉ शरद चन्द्र शर्मा, ,एसीएमओ डॉ शैलेंद्र कुमार , डीपीएम जीविका, डीपीओ आईसीडीएस ,यूनिसेफ, डब्ल्यूएचओ, केयर, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी आदि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े थे ।
No comments